जरुरी जानकारी | महाराष्ट्र में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को पूरी तरह स्वच्छ ईंधन आधारित बनाने का लक्ष्य: फडणवीस

मुंबई, आठ जुलाई महाराष्ट्र का लक्ष्य सभी सार्वजनिक परिवहन बसों को स्वच्छ ईंधन से चलाने वाला देश का पहला राज्य बनना है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को यह बात कही। हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई समयसीमा नहीं बताई।

उन्होंने कहा कि मुंबई एवं पुणे जैसे बड़े शहरों में पहले से ही इलेक्ट्रिक बसें संचालित है।

फडणवीस ने यहां केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय एवं उद्योग मंडल सीआईआई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि आने वाले दिनों में सार्वजनिक परिवहन में किसी परंपरागत ईंधन का इस्तेमाल न किया जाए। हमने पहले ही राज्य के बड़े शहरों के साथ स्वच्छ प्रणालियों वाले परिवहन की शुरुआत कर दी है।"

पूर्व में पांच साल तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे फडणवीस ने कहा कि राज्य द्वारा संचालित महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम भी जल्द ही अपने बेड़े के लिए ईंधन स्रोत में परिवर्तन करेगा।

फडणवीस ने पिछले सप्ताह शपथ लेने के बाद पहली सार्वजनिक सभा में कहा था कि इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को अपनाने से भारत को अपने समग्र पर्यावरणीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी और राज्य में ईवी परिवेश भी विकसित होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि वित्तीय राजधानी में मेट्रो रेल परियोजना जैसे बुनियादी ढांचे के निर्माण में राजनीतिक हस्तक्षेप होता रहा है, लेकिन अब सरकार काम की गति को तेज कर इसे समय पर पूरा करेगी।

रिया पाण्डेय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)