देश की खबरें | एआईएमआईएम सांसद ने दो व्यक्तियों का बंदूक लहराते हुए वीडियो किया ट्वीट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. औरंगाबाद से एआईएमआईएम के सांसद इम्तियाज जलील ने एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें एक कार में सवार दो व्यक्ति मुम्बई-पुणे एक्सप्रेसवे पर अपने वाहन को रास्ता देने के लिए एक ट्रक चालक को कथित तौर पर बंदूक दिखा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है।
मुम्बई, 30 जनवरी औरंगाबाद से एआईएमआईएम के सांसद इम्तियाज जलील ने एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें एक कार में सवार दो व्यक्ति मुम्बई-पुणे एक्सप्रेसवे पर अपने वाहन को रास्ता देने के लिए एक ट्रक चालक को कथित तौर पर बंदूक दिखा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है।
जलील ने कहा कि यह घटना शुक्रवार की रात को घटी। उन्होंने दोनों ही व्यक्तियों के शिवसेना से जुड़े होने का दावा भी किया।
वीडियो के साथ सांसद ने लिखा, ‘‘ यह महाराष्ट्र में पुणे मुम्बई एक्सप्रेसवे है। वाहन पर लगे निशान से सारी चीजें स्पष्ट हो जाती है। शिवसैनिक शुक्रवार रात को उनके वाहन को रास्ता देने के लिए रिवॉल्वर लहरा रहे हैं। क्या गृहमंत्री/पुलिस महानिदेशक इस अराजकता पर संज्ञान लेंगे?’’
जलील ने अपने ट्वीट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यालय, गृहमंत्री अनिल देशमुख और पुलिस महानिदेशक को टैग किया है।
शिवसेना फिलहाल महाराष्ट्र में राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार चला रही है।
इस घटना के बारे में पूछे जाने पर शिवसेना के सांसद और प्रवक्ता अरविंद सावंत ने कहा, ‘‘कानून के समक्ष सभी समान हैं। पुलिस जांच करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)