देश की खबरें | एआईएडीएमके ने अपनी स्थापना की 53वीं वर्षगांठ मनायी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) ने बृहस्पतिवार को यहां अपनी स्थापना की 53वीं वर्षगांठ मनायी।
चेन्नई, 17 अक्टूबर तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) ने बृहस्पतिवार को यहां अपनी स्थापना की 53वीं वर्षगांठ मनायी।
अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने यहां पार्टी मुख्यालय में समारोह का नेतृत्व किया और पार्टी संस्थापक एम जी रामचंद्रन (1917-1987) और दिवंगत पार्टी प्रमुख 'अम्मा' जे जयललिता (1948-2016) की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
उन्होंने पार्टी का झंडा फहराया और पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को मिठाई बांटी।
पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी की स्थापना के कारण ही तमिलनाडु ने विकास देखा और पार्टी ने 30 साल तक राज्य में शासन किया। पार्टी के नेतृत्व वाली सरकारों ने लोगों के सभी वर्गों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कीं।
पूरे राज्य और पड़ोसी पुडुचेरी में पार्टी पदाधिकारियों ने वर्षगांठ मनाई।
एआईएडीएमके की स्थापना 17 अक्टूबर 1972 को प्रतिष्ठित नेता एम जी रामचंद्रन ने की थी। उन्होंने 1977 से 1987 के बीच तमिलनाडु में सत्ता की बागडोर संभाली थी।
एआईएडीएमके की स्थापना करने से पहले एमजीआर लंबे समय तक द्रमुक के साथ थे। पार्टी नेता एम करुणानिधि से मतभेद के चलते उन्होंने द्रमुक छोड़ दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)