देश की खबरें | एआई में दूरगामी प्रगति की उम्मीद के साथ भविष्य में बड़े बदलाव होंगे: राष्ट्रपति
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ‘मशीन लर्निंग’ के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति के साथ भविष्य में बड़े बदलाव होंगे।
रांची, 15 फरवरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ‘मशीन लर्निंग’ के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति के साथ भविष्य में बड़े बदलाव होंगे।
मुर्मू ने कहा कि केंद्र उच्च शिक्षा में एआई को एकीकृत करने के लिए कदम उठा रहा है और यह गर्व की बात है कि रांची स्थित ‘बिड़ला इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’, मेसरा 2023 में संबंधित पाठ्यक्रम शुरू कर इस क्षेत्र में अग्रणी है।
मुर्मू ने बीआईटी मेसरा के ‘प्लेटिनम’ जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘एआई एवं मशीन लर्निंग में दूरगामी प्रगति की अपेक्षा के साथ भविष्य में बड़े बदलाव होंगे। भारत सरकार उच्च शिक्षा में एआई को एकीकृत करने के लिए कदम उठा रही है। प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पैदा किए जा रहे अवसरों को हाशिए पर पड़े समुदायों को भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए और किए जा रहे बड़े परिवर्तन का लाभ सभी को मिलना चाहिए।’’
हालांकि, उन्होंने नवोन्मेषकों और उद्यमियों को पारंपरिक समुदायों के ज्ञान आधार को नजरअंदाज न करने के लिए आगाह करते हुए कहा, ‘‘अकसर, समस्याओं को बड़े तकनीकी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं होती।’’
राष्ट्रपति ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष और उद्यमिता को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को झारखंड पहुंची थीं और उन्होंने राजभवन में रात्रि विश्राम किया। उनके दौरे के मद्देनजर झारखंड की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 15, 2025 01:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

