एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पोस्टर विवाद के बाद सपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से किया संयम बरतने का आह्वान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर से जुड़े एक पोस्टर को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बाद अपने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने का आह्वान किया और कहा कि पूर्व में भाजपा नेताओं से जुड़ी हुई ऐसी तस्वीरें सामने आयी हैं, लेकिन सपा ने उन्हें मुद्दा नहीं बनाया।

देश की खबरें | पोस्टर विवाद के बाद सपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से किया संयम बरतने का आह्वान

लखनऊ, एक मई समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को डॉक्टर भीमराव आंबेडकर से जुड़े एक पोस्टर को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बाद अपने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने का आह्वान किया और कहा कि पूर्व में भाजपा नेताओं से जुड़ी हुई ऐसी तस्वीरें सामने आयी हैं, लेकिन सपा ने उन्हें मुद्दा नहीं बनाया।

यादव ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, ''मैंने अपने कायकर्ता लालचंद गौतम को समझाया है कि दोबारा ऐसा कुछ नहीं करना या सोशल मीडिया पर ऐसा कुछ भी साझा नहीं करना जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे।''

उन्होंने कहा कि लालचंद गौतम समाजवादी पार्टी के वही कार्यकर्ता हैं जिनकी वजह से पूरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपने वातानुकूलित कमरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आना पड़ा।

सपा प्रमुख ने सवाल किया कि क्या भाजपा अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी ऐसा ही नियंत्रण रख सकती है।

उन्होंने कहा, ''हमने अपने कार्यकर्ताओं को पहले ही निर्देशित कर दिया है, लेकिन क्या भाजपा भी ऐसा कर सकती है? क्या वह यह सुनिश्चित कर सकती है कि उसके नेता बाबा साहब आंबेडकर या किसी अन्य महान व्यक्तित्व के प्रति असम्मानजनक व्यवहार न करें?''

पोस्टर को लेकर विवाद के केंद्र में रहे सपा कार्यकर्ता लालचंद गौतम भी प्रेस वार्ता में मौजूद थे।

यादव ने यह भी दावा किया कि भाजपा नेताओं से जुड़ी ऐसी ही तस्वीरें पहले भी सामने आई हैं लेकिन सपा ने उन घटनाओं का राजनीतिकरण नहीं करने का फैसला किया।

उन्होंने कहा, ''उनके (भाजपा) नेताओं की तस्वीरें भी थीं, लेकिन हमने कभी इसका मुद्दा नहीं बनाया।''

सपा राज्य मुख्यालय के बाहर बुधवार को लगे एक पोस्टर को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। पोस्टर में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर और सपा मुखिया अखिलेश यादव के आधे-आधे चेहरे को मिलाकर एक तस्वीर बनाई गई थी। भाजपा ने इसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया था।

पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को ताकीद की कि वे पार्टी नेताओं और राष्ट्रीय प्रतीकों के बीच तुलना न करें।

इससे पहले, सपा ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं को दल के किसी भी नेता की तुलना पूज्य महापुरुषों से नहीं करने की हिदायत दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2025 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).