देश की खबरें | अतीक-अशरफ की हत्या के बाद विपक्ष ने भाजपा शासन को ‘जंगल राज’ एवं ‘माफिया राज’ बताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रयागराज में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके पूर्व विधायक भाई अशरफ की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद विपक्षी नेताओं ने रविवार को उत्तर प्रदेश तथा भारत तक को ‘जंगल राज’ और ‘माफिया’ जैसे शब्दों से वर्णित किया।
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल प्रयागराज में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके पूर्व विधायक भाई अशरफ की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद विपक्षी नेताओं ने रविवार को उत्तर प्रदेश तथा भारत तक को ‘जंगल राज’ और ‘माफिया’ जैसे शब्दों से वर्णित किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, “ उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार में जंगलराज। इसकी यूएसपी: मुठभेड़ में मारना, बुलडोजर की राजनीति और अपराधियों को संरक्षण देना। कानून का शासन लागू करें, अपराधियों को पकड़ें और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दें।”
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की महासचिव महुआ मोइत्रा ने कहा कि देश को ‘माफिया राज’ में बदल दिया गया है।
उन्होंने कहा, “ भाजपा ने भारत को माफिया गणराज्य बना दिया है। मैं इसे यहां कहूंगी, मैं इसे विदेश में कहूंगी, मैं इसे हर जगह कहूंगी क्योंकि यह सच है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और कैमरों के सामने हिरासत में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई- यह कानून के शासन की मौत है।”
मोइत्रा ने यह भी कहा कि उनका मानना है कि जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के साक्षात्कार के नतीजों से "ध्यान हटाने" के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यह गोलीबारी कराई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार किसी भी हद तक जा सकती है।
अतीक (60) और अशरफ की शनिवार रात तीन हमलावरों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब पुलिस दोनों को चिकित्सा जांच के लिए मेडिकल कॉलेज ले जा रही थी।
पत्रकारों की भेष में आए तीन हमलावरों ने अतीक और उसके भाई को उस समय बहुत करीब से गोली मार दी, जब वे मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रह थे, जबकि उनके आसपास पुलिस कर्मियों का पहरा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)