देश की खबरें | बयान पर विवाद पैदा होने के बाद स्वरा भास्कर ने कहा: शिवाजी महाराज की विरासत का सम्मान करती हूं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने शुक्रवार को कहा कि वह एक गौरवान्वित भारतीय हैं जो छत्रपति शिवाजी महाराज की ‘वीरतापूर्ण विरासत’ का सम्मान करती हैं।

नयी दिल्ली, 21 फरवरी अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने शुक्रवार को कहा कि वह एक गौरवान्वित भारतीय हैं जो छत्रपति शिवाजी महाराज की ‘वीरतापूर्ण विरासत’ का सम्मान करती हैं।

उन्होंने कुछ दिन पहले टिप्पणी की थी कि लोग हाल में भगदड़ की घटनाओं में हुई मौतों के बजाय हिंदुओं पर हुए अत्याचारों को काल्पनिक फिल्मों के जरिए दिखाए जाने पर अधिक क्रोधित हो रहे हैं।

स्वरा ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित विक्की कौशल अभिनीत फिल्म ‘छावा’ और महाकुंभ तथा नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटनाओं का संदर्भ दिया, लेकिन उन्होंने इसका कोई विशेष उल्लेख नहीं किया।

उन्होंने लिखा, ‘‘लोगों को खराब प्रबंधन की वजह से भगदड़ में हुई मौतों के बजाय 500 साल पहले हिंदुओं पर हुए अत्याचारों को काल्पनिक फिल्मों के जरिए दिखाए जाने पर अधिक क्रोध आता है। वहां के शवों को कथित तौर पर बुलडोजर से हटाया जाना बताता है कि यह समाज मस्तिष्क और आत्मा से मरा हुआ है।’’

अपने इस पोस्ट पर आलोचनाओं के बाद शुक्रवार को उन्होंने सफाई देने की कोशिश की।

स्वरा ने लिखा, ‘‘मेरे ट्वीट ने बहुत बहस और गलतफहमी पैदा कर दी जिसे टाला जा सकता था। बिना किसी संदेह के मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरतापूर्ण विरासत और योगदान का सम्मान करती हूं.. खासकर सामाजिक न्याय और महिलाओं के सम्मान के उनके विचारों का।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी बात इतनी सी है कि हमारे इतिहास का महिमामंडन करना बहुत अच्छा है, लेकिन कृपया वर्तमान समय की गलतियों और विफलताओं को छिपाने के लिए अतीत के गौरव का दुरुपयोग न करें। ऐतिहासिक समझ का इस्तेमाल हमेशा लोगों को एकजुट करने के लिए किया जाना चाहिए, न कि मौजूदा मुद्दों से ध्यान हटाने और बांटने के लिए।’’

छत्तीस वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि अगर उनकी टिप्पणियों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें खेद है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे इतिहास को हमें एकजुट करना चाहिए और बेहतर तथा अधिक समावेशी भविष्य के लिए लड़ने की ताकत देनी चाहिए।’’

गत 29 जनवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए। 15 फरवरी को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई।

छत्रपति शिवाजी के पुत्र संभाजी के जीवन पर बनी फिल्म ‘छावा’ का निर्देशन लक्ष्मीकांत उटेकर ने किया है। इसमें रश्मिका मंदाना भी हैं और पिछले शुक्रवार को रिलीज होने के बाद से इसने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\