देश की खबरें | मुंबई में कुछ अंतराल के बाद फिर बारिश हुई, लोगों को उमस से मिली राहत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में अगस्त की शुरुआत से मौसम शुष्क रहने के बाद मंगलवार सुबह बारिश का फिर दौर लौट आया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
मुंबई, 20 अगस्त मुंबई में अगस्त की शुरुआत से मौसम शुष्क रहने के बाद मंगलवार सुबह बारिश का फिर दौर लौट आया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
शहर के अधिकतर इलाकों में सुबह करीब साढ़े नौ बजे से गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। बांद्रा और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) जैसे कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार सुबह से अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उपनगरों में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और गरज के साथ बौछारें पड़ने एवं हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे के बाद अरब सागर में 4.70 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी।
अधिकारी ने बताया कि सुबह तक पिछले 24 घंटों में मुंबई, इसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 7.81 मिलीमीटर (मिमी), 3.06 मिमी और 3.62 मिमी बारिश हुई।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार शहर में कहीं भी बड़े जलभराव की कोई सूचना नहीं है।
बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की सार्वजनिक बस सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं और बारिश के कारण वाहनों का मार्ग परिवर्तित नहीं किया गया है। हालांकि मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में कुछ देरी हुई है।
वाहन चालकों ने शहर में सड़कों पर गड्ढों के कारण यातायात धीमा होने की शिकायत की है।
पिछले कई दिनों से शहर में तेज धूप खिली हुई थी, ऐसे में आज बारिश होने से तापमान में गिरावट हुई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 20, 2024 01:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

