कन्हैयालाल हत्याकांड के बाद इंदौर में ओवैसी की चुनावी सभा दूसरी बार रद्द
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की नृशंस हत्या के हालिया घटनाक्रम के बाद इंदौर के एक संवेदनशील इलाके में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की सभा तीन दिन में दूसरी बार रद्द हो गई। यह सभा नगर निगम चुनावों को लेकर होने वाली थी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 3 जुलाई : उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की नृशंस हत्या के हालिया घटनाक्रम के बाद इंदौर के एक संवेदनशील इलाके में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की सभा तीन दिन में दूसरी बार रद्द हो गई. यह सभा नगर निगम चुनावों को लेकर होने वाली थी. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) दीशेष अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा कि नगर निगम चुनावों को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी की सभा पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में रविवार रात होने वाली थी. उन्होंने कहा कि इस सभा के विरोध में हिंदू जागरण मंच की ओवैसी को काले झंडे दिखाने की योजना थी, इसके चलते ओवैसी की पार्टी के नेताओं ने यह सभा रद्द कर दी.
बहरहाल, ओवैसी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि वह उनकी ‘‘व्यस्ततता के कारण’’ इंदौर की चुनावी सभा में शामिल नहीं हो सके और इसके लिए वह अपने समर्थकों से माफी चाहते हैं. एआईएमआईएम प्रमुख ने अपने समर्थकों से वादा किया कि वह नगर निगम चुनावों के बाद इंदौर जरूर आएंगे और उनसे मुलाकात करेंगे. इस बीच, चश्मदीदों ने बताया कि हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता अपनी घोषणा के मुताबिक जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जुटे और ओवैसी को काले झंडे दिखाने के लिए पंढरीनाथ क्षेत्र की ओर जुलूस के रूप में बढ़ने लगे. चश्मदीदों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के सामने बैरिकेड लगा रखे थे. ओवैसी के खिलाफ तीखी नारेबाजी कर रहे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को पुलिस अफसरों ने उनका वह वीडियो दिखाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह इंदौर की चुनावी सभा में शामिल नहीं हो रहे हैं. यह भी पढ़ें : पीएम मोदी की जनसभा के लिए हैदराबाद मेट्रो ने बंद किए तीन स्टेशन
यह वीडियो देखने के बाद हिंदू जागरण मंच ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया. मंच की शहर इकाई के संयोजक धीरज यादव ने कहा,‘‘चुनावी सभा में ओवैसी के भाषण से इंदौर की शांति भंग हो सकती थी. इसलिए हम उनकी सभा का विरोध कर रहे थे.’’ गौरतलब है कि पंढरीनाथ क्षेत्र में ही ओवैसी की बृहस्पतिवार रात प्रस्तावित चुनावी सभा भी रद्द हो गई थी. एआईएमआईएम नगरीय निकाय चुनावों से मध्यप्रदेश में अपने चुनावी सफर का आगाज कर रही है और पार्टी ने छह जुलाई को होने वाले इंदौर नगर निगम चुनावों में चार वार्ड में पार्षद पद के उम्मीदवार उतारे हैं. ओवैसी ने गुजरे पांच दिनों में जबलपुर, भोपाल, खंडवा और बुरहानपुर में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित किया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2022 08:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

