एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारी बारिश के बाद बिहार के कई जिलों में कई नदियां खतरे के स्तर पर पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान लगातार बारिश से कोसी, महानंदा, बागमती, गंडक, कमला बलान और कमला सहित अन्य प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

देश की खबरें | भारी बारिश के बाद बिहार के कई जिलों में कई नदियां खतरे के स्तर पर पहुंची

पटना, सात जुलाई बिहार के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान लगातार बारिश से कोसी, महानंदा, बागमती, गंडक, कमला बलान और कमला सहित अन्य प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

जल संसाधन विभाग द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

इसमें कहा गया है कि कई स्थानों पर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि कुछ स्थानों पर वे चेतावनी के स्तर पर पहुंच गई हैं।

बागमती नदी का जल स्तर सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, औराई, सुप्पी और अन्य आसपास के क्षेत्रों में खतरे के निशान पर पहुंच गया है। रविवार सुबह आठ बजे सीतामढ़ी और सुप्पी में बागमती नदी का जलस्तर 71.16 मीटर था, जो खतरे के निशान से 0.16 मीटर ऊपर है।’’

बुलेटिन के मुताबिक बागमती नदी ने रविवार को मुजफ्फरपुर, शिवहर, औराई और पिपराही में खतरे के निशान को पार कर लिया। गोपालगंज और इसके सिधवलिया प्रखंड में गंडक नदी खतरे के निशान 62.22 मीटर (रविवार सुबह 8 बजे) से ऊपर बह रही थी।

इसी तरह कमला बलान नदी मधुबनी, लखनौर और झंझारपुर में खतरे के निशान (रविवार सुबह 8 बजे) पर पहुंच गई है। कमला बलान नदी जयनगर और झंझारपुर में भी खतरे के निशान क्रमशः 67.80 मीटर और 50.30 मीटर से ऊपर बह रही है।

बुलेटिन में कहा गया है कि अररिया में परमान नदी खतरे के निशान 47 मीटर से ऊपर बह रही है, जबकि महानंदा नदी पूर्णिया और बाएसी प्रखंड में खतरे के निशान को पार कर गई है।

लाल बकेया नदी पूर्वी चंपारण जिले के ढाका में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कोसी नदी का जलस्तर सुपौल, खगड़िया के गोगरी और कटिहार के कुर्सेला में बढ़ने के क्रम में है।

विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और निचले इलाकों में लोगों को संबंधित जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभाग सतर्क हैं। जिलावार वर्षा बुलेटिन के अनुसार, ‘‘ छह जुलाई से अररिया, अरवल, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जमुई, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधुबनी, मुंगेर, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, रोहतास, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2024 02:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).