एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | डुप्लेसी के नाबाद अर्धशतक के बाद कार्तिक के तूफान से आरसीबी ने तीन विकेट पर 192 रन बनाये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान फाफ डुप्लेसी की नाबाद 73 रन की आकर्षक पारी के बाद विकेटकीपर दिनेश कार्तिक की आठ गेंद में नाबाद 30 रन आतिशी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तीन विकेट पर 192 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

खेल की खबरें | डुप्लेसी के नाबाद अर्धशतक के बाद कार्तिक के तूफान से आरसीबी ने तीन विकेट पर 192 रन बनाये

मुंबई, आठ मई कप्तान फाफ डुप्लेसी की नाबाद 73 रन की आकर्षक पारी के बाद विकेटकीपर दिनेश कार्तिक की आठ गेंद में नाबाद 30 रन आतिशी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तीन विकेट पर 192 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

डुप्लेसी ने 50 गेंद की पारी में आठ चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रजत पाटीदार (48) के साथ 105 और तीसरे विकेट के लिए ग्लेन मैक्सवेल (33) के साथ 54 रन की शानदार साझेदारी की। पाटीदार ने 38 गेंद की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये तो वहीं मैक्सवेल ने 24 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के उड़ाये।

कार्तिक ने आठ गेंद की नाबाद पारी में चार छक्के और एक चौका लगाया। उन्होंने आखिरी ओवर में अपना पहला मैच खेल रहे फजलहक फारुखी के खिलाफ लगातार तीन छक्के मारे। इस ओवर में टीम ने 25 रन बनाये।  

हैदराबाद के लिए जगदीश सुचित ने चार ओवर में 30 रन देकर दो जबकि कार्तिक त्यागी ने चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट लिया।

इससे पहले खराब लय में चल रहे विराट कोहली को पारी की पहली गेंद पर ही सुचित ने चलता कर दिया। मौजूदा आईपीएल में वह तीसरी बार पहली गेंद पर खाता खोले बगैर आउट हुए।

कप्तान फाफ डुप्लेसी और युवा रजत पाटीदार ने हालांकि टीम पर इसका असर नहीं पड़ने दिया। पाटीदार ने चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार तो वहीं डुप्लेसी ने त्यागी के खिलाफ छक्का लगाकर अपने इरादे जता दिये।  पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 47 रन हो गया।

आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये उमरान मलिक के ओवर से 20 रन बने जिसमें डुप्लेसी का छक्का और चौका शामिल था।

डुप्लेसी ने 12वें ओवर में त्यागी के खिलाफ चौका जड़कर 33 गेंद में अपना अर्धशतक और टीम के रनों का शतक पूरा किया। मौजूदा सत्र में यह उनकी तीसरी अर्धशतकीय पारी है।

अगले ओवर में गेंदबाजी के लिए आये सुचित ने राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराकर रजत पाटीदार को पवेलियन भेज दूसरी सफलता हासिल की। क्रीज पर आये मैक्सवेल ने इसी ओवर में छक्का जड़कर अपने इरादे जता दिये।

उन्होंने 16वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ छक्का लगाकर रन गति को बढ़ाया।

ग्लेन मैक्सवेल 19वें ओवर में कार्तिक त्यागी के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में एडेन मार्कराम को कैच थमा बैठे। इस ओवर की आखिरी गेंद पर दिनेश कार्तिक ने छक्का लगाया।

कार्तिक को 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर त्रिपाठी ने जीवनदान दिया और गेंद छक्के के लिए चली गयी। कार्तिक ने अगली दो गेंदों में छक्का और आखिरी गेंद पर चौका जड़कर टीम के स्कोर को 190 के पार पहुंचाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2022 05:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).