एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारत में 91 दिन बाद कोविड-19 के 50 हजार से कम नए मामले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में 91 दिन बाद, बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 50 हजार से कम 42,640 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,99,77,861 हो गई। वहीं, 79 दिन बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या सात लाख से कम हो गई है।

देश की खबरें | भारत में 91 दिन बाद कोविड-19 के 50 हजार से कम नए मामले

नयी दिल्ली, 22 जून भारत में 91 दिन बाद, बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 50 हजार से कम 42,640 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,99,77,861 हो गई। वहीं, 79 दिन बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या सात लाख से कम हो गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 1,167 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,89,302 हो गई है। देश में 68 दिन बाद संक्रमण से मौत के इतने कम मामले सामने आए हैं।

मंत्रालय की ओर से सुबह सात बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 रोधी टीके की सर्वाधिक 86.16 लाख खुराक लोगों को दी गई। दुनिया में कहीं भी एक दिन में इतनी खुराक नहीं दी गई हैं। देश में अभी तक कुल 28.87 करोड़ खुराक लोगों को दी जा चुकी है।

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 6,62,521 हो गई है, जो कुल मामलों का 2.21 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.49 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 39,40,72,142 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 16,64,360 नमूनों की जांच सोमवार को की गई।

नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर कम होकर 2.56 प्रतिशत है, जो पिछले 15 दिन से यह पांच प्रतिशत से कम बनी है। नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर 3.21 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 40वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही।

देश में अभी तक कुल 2,89,26,038 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मत्यु दर 1.30 प्रतिशत है।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 22, 2021 11:07 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).