मध्यप्रदेश में 72 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 385 हुई, 29 की मौत
मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोविड—19 के लिए पिछले 24 घंटों में प्रदेश में नौ मामले पॉजिटिव आये हैं, इसी के साथ भोपाल में इस महामारी की चपेट में आये मरीजों की संख्या बढ़कर अब 94 हो गई है, जिनमें चिकित्सकों सहित 45 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और एक नगर पुलिस अधीक्षक :सीएसपी: सहित 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
भोपाल/इंदौर, आठ अप्रैल मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 72 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में इस बीमारी की चपेट में आने वाले लोगों की तादाद बढ़कर 385 पर पहुंच गई है। इनमें से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोविड—19 के लिए पिछले 24 घंटों में प्रदेश में नौ मामले पॉजिटिव आये हैं, इसी के साथ भोपाल में इस महामारी की चपेट में आये मरीजों की संख्या बढ़कर अब 94 हो गई है, जिनमें चिकित्सकों सहित 45 स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और एक नगर पुलिस अधीक्षक :सीएसपी: सहित 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
प्रदेश में पाए गए 385 कोरोना मरीजों में से प्रदेश की आर्थिक राजधानी माने जाने वाले शहर इंदौर में अब तक सर्वाधिक 213 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटों में इंदौर में 40 नये मामले सामने आये हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अब तक 29 लोगों की मौत कोरोना वायरस के संक्रमण से हो चुकी है, जिनमें से इंदौर में 21, उज्जैन में पांच एवं भोपाल, खरगोन एवं छिंदवाड़ा में एक—एक शामिल हैं।
रायसेन एवं खंडवा जिलों में पहली बार आज कोविड-19 के एक—एक मरीज आने के बाद मध्य प्रदेश के 52 जिलों में से 16 जिलों में इस महामारी ने अब दस्तक दे दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया, ''बुधवार रात तक मध्य प्रदेश में कुल 385 कोरोना वायरस संक्रमित पाये गये हैं। प्रदेश में सबसे अधिक 213 कोरोना मरीज इंदौर में मिले हैं, जबकि इसके बाद 94 मरीज भोपाल में, 15 उज्जैन में, 13 मुरैना में, 12—12 खरगोन एवं बड़वानी में, नौ जबलपुर में, छह ग्वालियर में, दो—दो छिंदवाड़ा एवं शिवपुरी में और एक—एक मरीज बैतूल, श्योपुर, रायसेन, खंडवा, होशंगाबाद एवं विदिशा में मिले हैं। कोरोना संक्रमित एक मरीज दूसरे राज्य का है।’’
उन्होंने बताया कि इनमें से 25 मरीज अब स्वस्थ हो गये हैं और उन्हें अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है, वहीं, 264 मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है, जबकि 28 मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
वहीं, इंदौर से मिली रिपोर्ट के अनुसार वहां में कोरोना वायरस संक्रमण की जद में आये छह और मरीजों की मौत का बुधवार को खुलासा किया गया। इसके साथ ही, शहर में इस संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 21 पर पहुंच गयी है।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि 47 से 59 वर्ष की उम्र के छह पुरुषों ने पिछले तीन दिन में शहर के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान दम तोड़ा। इनकी मौत से पहले लिये गये नमूनों की जांच रिपोर्ट से पता चला है कि वे कोरोना वायरस से संक्रमित थे।
अधिकारी ने बताया कि इंदौर में कोरोना वायरस संक्रमण के मरीजों की तादाद 173 से बढ़कर 213 पर पहुंच गयी है। शहर में पिछले 24 घंटे में इस महामारी के 40 नये मामले सामने आये हैं।
इस बीच, प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के जिन 11 नये इलाकों में कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं, उन्हें "कंटेनमेंट एरिया" घोषित करते हुए वहां आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है ताकि इस महामारी के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में मिले कोविड-19 मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आये लोगों को ढूंढकर उन्हें पृथक केंद्रों में भेजा जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 08, 2020 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

