देश की खबरें | अग्रिम संगठनों से राजस्थान में किसानों की कर्जमाफी जैसे मुद्दों पर आंदोलन तेज करने को कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा नेताओं ने पार्टी के अग्रिम संगठनों (मोर्चा) से राजस्थान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ किसानों की कर्जमाफी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर आंदोलन तेज करने को कहा है।
जयपुर, 30 दिसंबर भाजपा नेताओं ने पार्टी के अग्रिम संगठनों (मोर्चा) से राजस्थान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ किसानों की कर्जमाफी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर आंदोलन तेज करने को कहा है।
भरतपुर में विभिन्न मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को बृहस्पतिवार को केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां समेत अन्य नेताओं ने संबोंधित किया।
अरुण सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए दावा किया कि ‘‘गहलोत सरकार की हालत बहुत दयनीय है। कांग्रेस के शासन में राज्य में ‘जंगल राज’ है।’’ उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।’’ सिंह ने कांग्रेस को भ्रमित करने वाली पार्टी बताया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि कांग्रेस सरकार सुशासन देने में विफल रही है और कांग्रेस शासन में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी (कांग्रेस) अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, वो चाहे किसानों का पूरा कर्जा माफी हो या बेरोजगारों को रोजगार देने का मामला हो।
पूनियां ने कहा, ‘‘ किसानों का पूर्ण कर्जा माफी, भर्तियां, बिगड़ती कानून व्यवस्था राज्य के प्रमुख मुद्दे हैं और 2023 में कांग्रेस राजस्थान में हमेशा के लिये सत्ता से बाहर हो जायेगी।’’
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार के कार्यक्रमों और नीतियों को आम जनता के बीच ले जाने के लिये कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2021 08:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

