देश की खबरें | पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाना ही प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने का वास्तविक समाधान है: यादव

नयी दिल्ली, पांच जून केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाना ही प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण से निपटने का वास्तविक समाधान है।

उन्होंने लोगों से एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह से बंद करने की अपील की।

एकल-उपयोग प्लास्टिक ऐसे प्लास्टिक उत्पाद होते हैं जिनका उपयोग एक बार या थोड़े समय के लिए किया जाता है और इन्हें फिर फेंक दिया जाता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में यादव ने कहा, ‘‘ प्लास्टिक हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है और यह एक गंभीर चुनौती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्लास्टिक हमारे मिट्टी और जल में प्रवेश कर चुका है, जो हमारे स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। यह हमारी भूमि, नदियों और महासागरों तक पहुंच गया है।’’

मंत्री ने बताया कि भारत उन देशों में शामिल है जिन्होंने सबसे पहले 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)