देश की खबरें | मनोरंजन कर की अदायगी के बाद ही हनी सिंह के कार्यक्रम को मंजूरी दे प्रशासन : इंदौर नगर निगम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर नगर निगम ने स्थानीय प्रशासन से बृहस्पतिवार को कहा कि निकाय को मनोरंजन कर की अदायगी के बाद ही गायक यो यो हनी सिंह के शहर में आठ मार्च (शनिवार) को होने वाले संगीत कार्यक्रम को मंजूरी दी जाए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इंदौर, छह मार्च इंदौर नगर निगम ने स्थानीय प्रशासन से बृहस्पतिवार को कहा कि निकाय को मनोरंजन कर की अदायगी के बाद ही गायक यो यो हनी सिंह के शहर में आठ मार्च (शनिवार) को होने वाले संगीत कार्यक्रम को मंजूरी दी जाए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त को इस बारे में बाकायदा पत्र लिखा है।

भार्गव ने पत्र में कहा कि उनकी अगुवाई वाली महापौर परिषद ने ‘मध्यप्रदेश नगर पालिका कर नियम 2018’ का पालन करते हुए शहर में नृत्य और संगीत के व्यावसायिक आयोजनों पर कर का प्रावधान किया है।

महापौर ने हनी सिंह के शनिवार शाम होने वाले कार्यक्रम का जिक्र करते हुए स्थानीय प्रशासन से कहा कि इस आयोजन को लेकर कोई भी अनुमति जारी करने से पहले देखा जाए कि निजी क्षेत्र के आयोजकों ने नगर निगम के खाते में सभी तय कर जमा करा दिए हैं या नहीं।

महापौर परिषद के सदस्य और राजस्व विभाग के प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ‘गुड्डू’ ने कहा कि शहर में हनी सिंह की सजीव प्रस्तुति से जुड़े व्यावसायिक कार्यक्रम को मंजूरी दिए जाने से पहले आयोजकों से टिकटों की कुल बिक्री पर 10 प्रतिशत की दर से मनोरंजन कर वसूला जाना चाहिए।

चौहान ने महापौर भार्गव को लिखे पत्र में चेतावनी दी है कि अगर नगर निगम को मनोरंजन कर की अदायगी के बगैर हनी सिंह के कार्यक्रम को मंजूरी दी गई, तो वह महापौर परिषद में निंदा प्रस्ताव लेकर आएंगे और संबंधित लोगों के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराएंगे।

महापौर परिषद के सदस्य ने कहा कि संगीत कार्यक्रमों के वाणिज्यिक आयोजनों पर मनोरंजन कर अदा नहीं किए जाने से नगर निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

चौहान ने कहा, “पिछले दिनों शहर में गायक दिलजीत दोसांझ का संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम पर बकाया मनोरंजन कर नगर निगम को अब तक नहीं चुकाया गया है। इससे हमारे निकाय को राजस्व की हानि हुई जिसमें अधिकारियों की लापरवाही प्रतीत होती है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\