देश की खबरें | आदित्यनाथ ने खेल से संबंधित निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के दिए निर्देश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि खेल से संबंधित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
लखनऊ, 22 मई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि खेल से संबंधित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
खेल, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) विभागों की समीक्षा के दौरान उन्होंने इन कार्यों की मंत्री से लेकर अधिकारियों तक समय-समय पर समीक्षा करने का निर्देश दिया।
एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रदेश के प्रत्येक मंडल पर एक ‘स्पोर्ट्स कॉलेज’ की स्थापना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन ‘स्पोर्ट्स कॉलेज’ को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के आधार पर विकसित किया जाए। साथ ही इन्हें ‘स्पोटर्स यूनिवर्सिटी’ से जोड़ा जाए ताकि यहां पर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों और मंगल दलों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीआरडी जवानों को यातायात नियमों का प्रशिक्षण प्रदान कर यातायात नियंत्रण में सहयोग लेने का भी सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि निर्माण कार्यों की हर माह मंत्री स्तर, हर 15 दिनों पर प्रमुख सचिव स्तर और साप्ताहिक स्तर पर उच्च अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाए ताकि सभी निर्माण कार्य समय से पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था द्वारा लापरवाही सामने आने पर उनकी जवाबदेही तय की जाए।
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के हर मंडल पर स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया तेज की जाए। इस पर अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में तीन मंडलों में ‘स्पोर्ट्स कॉलेज’ संचालित हैं, जबकि तीन मंडल में निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शेष 12 मंडलों में भी ‘स्पोर्ट्स कॉलेज’ की स्थापना की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने हर विधानसभा क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम की स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2025 12:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

