देश की खबरें | हाथरस की घटना पर प्रधानमंत्री की ‘‘चुप्पी’’ को लेकर अधीर रंजन ने उठाए सवाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने हाथरस की घटना को लेकर प्रधानमंत्री की ‘‘चुप्पी’’ पर सोमवार को सवाल उठाया और कहा कि नरेंद्र मोदी को ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास’ की जगह ‘चुप रहो भारत, शांत रहो भारत’ का नया नारा गढ़ना चाहिए।
कोलकता/मुंबई, पांच अक्टूबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने हाथरस की घटना को लेकर प्रधानमंत्री की ‘‘चुप्पी’’ पर सोमवार को सवाल उठाया और कहा कि नरेंद्र मोदी को ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास’ की जगह ‘चुप रहो भारत, शांत रहो भारत’ का नया नारा गढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मोदी के ‘‘पाखंड का खुलासा हो चुका है।’’
लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी ने पूछा कि जब प्रधानमंत्री ‘‘लोकल से लेकर ग्लोबल तक हर मुद्दे पर बोलते हैं’’ तो फिर वह उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती की हत्या और कथित सामूहिक बलात्कार की घटना पर चुप क्यों हैं।
चौधरी ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी जी ‘लोकल से लेकर ग्लोबल’ तक प्रत्येक मुद्दे पर मुखर रहते हैं, लेकिन हाथरस की दिल दहला देने वाली घटना पर चुप रहते हैं, आपको क्या हुआ मोदी जी? सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास? हाथरस के बाद पाखंड का खुलासा हो गया है।’’
पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष ने यह भी कहा, ‘‘मोदी जी बेहतर होगा कि आप नया नारा ‘चुप रहो भारत, शांत रहो भारत’ गढ़ें।’’
प्रधानमंत्री ने पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की थी और हाथरस की घटना के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा था।
इस बीच, पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में हाथरस की घटना के खिलाफ धरना दिया।
वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस ने घटना को लेकर सोमवार को मुंबई में प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने इस दौरान कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण और ‘‘मानवता पर कलंक’’ है।
उन्होंने घटना को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की निन्दा की।
थोराट और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़ सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने यहां सचिवालय के नजदीक महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास सत्याग्रह प्रदर्शन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)