जरुरी जानकारी | अडाणी टोटल गैस का चौथी तिमाही का मुनाफा 21 प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली, दो मई अडाणी टोटल गैस का मार्च, 2023 में समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत बढ़कर 97.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

अडाणी समूह और फ्रांस की दिग्गज कंपनी टोटलएनर्जीज के संयुक्त उद्यम अडाणी टोटल गैस ने एक साल पहले की समान तिमाही में 81.09 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने मंगलवार को कहा कि तिमाही के दौरान उसकी बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 19.3 करोड़ घनमीटर पर पहुंच गई।

कंपनी परिवारों और उद्योगों को सीएनजी के अलावा पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) की आपूर्ति करती है। कंपनी के सीएनजी स्टेशनों की संख्या में भी 126 की वृद्धि दर्ज की गई और यह संख्या 460 पर पहुंच गई है।

इसके अलावा कंपनी के पीएनजी कनेक्शन 1.24 लाख बढ़कर 7.04 लाख हो गए हैं। औद्योगिक और वाणिज्यिक कनेक्शनों की संख्या बढ़कर 7,435 हो गई है।

समूचे वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 546 करोड़ रुपये और आमदनी 4,683 करोड़ रुपये रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)