देश की खबरें | अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा अश्लील फिल्म बनाने के मामले में गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को कथित तौर पर पोर्न (अश्लील) फिल्मों का निर्माण करने और उन्हें कुछ ऐप के माध्यम से प्रसारित करने के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 20 जुलाई बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को कथित तौर पर पोर्न (अश्लील) फिल्मों का निर्माण करने और उन्हें कुछ ऐप के माध्यम से प्रसारित करने के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कुंद्रा इस मामले के ‘‘मुख्य साजिशकर्ता’’ प्रतीत होते हैं। उन्होंने बताया कि कुंद्रा (45) के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद उन्हें अपराध शाखा ने सोमवार को गिरफ्तार किया।
मुंबई पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें प्रसारित करने का मामला मुंबई अपराध शाखा में फरवरी 2021 में दर्ज किया गया था। हमने इस मामले में 19 जुलाई 2021 को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया, क्योंकि वह इसमें मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होते हैं। हमारे पास इस बारे में पर्याप्त सबूत हैं।’’
उपनगरीय मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में चार फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया था और अपनी शिकायत में कुछ आरोप लगाए थे, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और अपराध शाखा को मामला सौंपा गया। इससे पहले भी हमने अश्लील फिल्म बनाने के संबंध में मामले दर्ज किए थे, जिनमें एक अभिनेत्री और कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम राज कुंद्रा के खिलाफ मामले की जांच करेंगे और यह पता लगाएंगे कि क्या इस मामले और पहले दर्ज किए गए अश्लील फिल्म संबंधी मामलों में कोई संबंध है।’’
कुंद्रा के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य इरादा), 292 और 293 (अश्लील विज्ञापन से संबंधित) और आईटी अधिनियम एवं महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2021 09:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

