अभिनेता इरफान खान का निधन, लंबे समय से कैंसर से लड़ रहे थे जंग
परिवार ने एक बयान में यह जानकारी दी। खान को मलाशय संक्रमण के कारण मंगलवार को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
मुम्बई, 29 अप्रैल अभिनेता इरफान खान का मुम्बई के एक अस्पाताल में बुधवार को निधन हो गया। वह 54 साल के थे और लंबे समय से एक दुलर्भ किस्म के कैंसर से जंग लड़ रहे थे।
परिवार ने एक बयान में यह जानकारी दी। खान को मलाशय संक्रमण के कारण मंगलवार को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
इरफान को 2018 में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। उनके परिवार में पत्नी सुतापा और दो बेटे बाबिल और अयान हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित बॉलीवुड जगत की कई हस्तियों तथा राजनेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘इरफान का निधन सिनेमा और थिएटर की दुनिया को बड़ी क्षति है। विभिन्न मंचों पर बहुमुखी प्रदर्शन के लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ मेरी संवदेनाए हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’
परिवार की ओर से उनके निधन के संबंध में जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘ यह काफी दुखद है कि आज हमें उनके निधन की खबर बतानी पड़ रही है। इरफान एक मजबूत इंसान थे, जिन्होंने अंत तक लड़ाई लड़ी और अपने संपर्क में आने वाले हर शख्स को प्रेरित किया। 2018 में एक दुर्लभ किस्म का कैंसर होने के बाद उन्होंने उससे लड़ाई लड़ी और जीवन के हर मोर्चे पर उन्होंने संघर्ष किया।’’
बयान के अनुसार, ‘‘ अपने प्रियजन, अपने परिवार के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली और अपने पीछे एक महान विरासत छोड़ गए। हम दुआ करते हैं कि उन्हें शांति मिले। और हम उनके इन शब्दों को दोहराएंगे कि ‘‘ ये इतना जादुई था, जैसे कि मैं पहली बार जिंदगी का स्वाद चख रहा था।’’
इरफान के निधन की खबर सबसे पहले देने वालों में शामिल शूजित सरकार ने कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र इरफान। तुम लड़े, लड़े और लड़ते रहे। मुझे हमेशा तुम पर गर्व रहेगा.... हम दोबारा मिलेंगे...सुतापा और बाबिल को मेरी संवेदनाएं... तुमने भी लड़ाई लड़ी.... सुतापा तुमने इस लड़ाई में अपना सब कुछ दिया। ओम शांति। इरफान खान तुम्हें सलाम।’’
फिल्म ‘पीकू’ में उनके साथ काम करने वाले अमिताभ बच्चन ने लिखा, ‘‘ एक अविश्वसनीय प्रतिभा ... एक बेहतरीन सहयोगी ... सिनेमा की दुनिया में शानदार योगदान देने वाले.... बेहद जल्दी अलविदा कह गए.... उनके जाने से एक खालीपन आ गया है... प्रार्थना और दुआ।’’
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता ने ‘लाइफ ऑफ पाई’, ‘द नेमसेक’ और ‘हासिल’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभा कर अपने अभिनय से लोगों का दिल जीता।
अभिनेता 2018 में बीमार होने के बाद इलाज के लिए ब्रिटेन चले गए थे और दुनिया से खुद को एकदम दूर कर लिया था। 2020 में उन्होंने ‘अंग्रेजी मीडियम’ से बड़े पर्दे पर वापसी की जो कि उनकी आखिरी फिल्म साबित हुई।
अभिनेता ने ‘पीटीआई-’ को दिए अपने आखिरी साक्षात्कार में कहा था कि इस प्रतिकूल स्थिति में प्रशंसकों का प्यार एक वरदान की तरह है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 05:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

