देश की खबरें | ‘एक्ट ईस्ट’ नीति से पूर्वोत्तर में व्यापक बदलाव आए हैं: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

अगरतला, छह अगस्त त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मणिक साहा ने रविवार को दावा किया कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति से पूर्वोत्तर में व्यापक बदलाव आए हैं। साहा ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में संपर्क में तेजी आई है।

साहा ने कहा कि जब 1960 के दशक में उत्तरी जिले के धर्मनगर में मीटर गेज रेलवे स्टेशन खोला गया था तब त्रिपुरा के लोगों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि रेल अगरतला से सबरूम तक पहुंचेगी।

प्रधानमंत्री ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देशभर में 508 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी इनमें तीन रेलवे स्टेशन अगरतला के भी हैं।

साहा ने कहा, ‘‘आज यह हकीकत बन गया है और अगरतला तथा सबरूम के बीच ट्रेन चल रही है और वह भी ब्रॉड गेज। वर्तमान में 10 से 12 एक्सप्रेस ट्रेन अगरतला आ रही हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे दूरदृष्टा नेता के कारण ही संभव हो सका।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक्ट ईस्ट नीति से पूर्वोत्तर में व्यापक बदलाव आए हैं क्योंकि इस क्षेत्र में 2014 के बाद से संपर्क काफी बढ़ा है। पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने सम्मेलन के दौरान कहा था कि अब पूर्वोत्तर सही मायने में भारत का हिस्सा बन गया है।’’

साहा ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब त्रिपुरा के लोग 10 घंटे में कोलकाता पहुंचेंगे। भारत-बांग्ला (अगरतला-गंगासागर) रेलवे का काम पूरा करने के लिए विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। भारत-बांग्ला रेलवे लिंक के इस साल के अंत तक चालू होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत पूर्वोत्तर के 91 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। त्रिपुरा में तीन रेलवे स्टेशनों- उदयपुर, धर्मनगर और कुमारघाट के आधुनिकरकरण में 96.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)