देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस विधायक पर गोलीबारी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर 14 मार्च को बिलासपुर में हुए हमले में शामिल होने के संदेह में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

शिमला, दो अप्रैल हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर 14 मार्च को बिलासपुर में हुए हमले में शामिल होने के संदेह में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पूर्व विधायक के आवास पर होली समारोह के दौरान कुछ हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में ठाकुर और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) घायल हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के दुबलधन निवासी बॉबी के रूप में हुई है। उसे हिमाचल प्रदेश पुलिस की एक टीम ने सोनीपत जिले के खरखौदा से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, बॉबी उन चार अज्ञात शूटर में से एक था, जिन्होंने ठाकुर पर गोली चलाई थी, जिससे वह और उनका पीएसओ घायल हो गए थे।

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी के घटना में शामिल होने का संदेह है।

उन्होंने बताया कि बॉबी को मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया गया और बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया। अधिकारी ने बताया कि उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने अब तक इस घटना के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इनमें से तीन लोग गोलीबारी में शामिल थे जबकि बाकी लोग साजिश का हिस्सा थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now