जरुरी जानकारी | देश में करीब 151 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता तैयार की जा रही: प्रह्लाद जोशी

नयी दिल्ली, 27 जुलाई केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि देश में करीब 151 गीगावाट क्षमता की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं।

उन्होंने कहा कि अगले तीन-चार साल में करीब 76.42 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता चालू हो जाएगी।

जोशी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में 'मेरकॉम इंडिया रिन्यूएबल्स समिट 2024' के एक सत्र को संबोधित करते हुए कहा, ''सरकार नवीकरणीय ऊर्जा को प्राथमिकता देने के लिए कई पहल कर रही है। करीब 151 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं लागू की जा रही हैं और 76.42 गीगावाट तीन-चार साल में चालू हो जाएंगी।''

मंत्री ने कहा कि 76.42 गीगावाट क्षमता की परियोजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।

जोशी ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 2014 में 76 गीगावाट से 2.5 गुना बढ़कर जून 2024 तक 195 गीगावाट से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा क्षमता 2014 में केवल तीन गीगावाट थी। वह बढ़कर अब 85 गीगावाट से अधिक हो गई है, जबकि पवन ऊर्जा क्षमता 21 गीगावाट से बढ़कर 46 गीगावाट से अधिक हो गई।

मेरकॉम कैपिटल ग्रुप के सीईओ राज प्रभु ने कहा, ''हालिया बोली प्रक्रिया एक शानदार पहल रही है। यदि सरकारी एजेंसियां ​​अपने लक्ष्यों को हासिल करना जारी रखती हैं, और इस प्रक्रिया के तहत पीपीए/पीएसए (बिजली खरीद समझौता/बिजली आपूर्ति समझौता) पर हस्ताक्षर के जरिए नीलामी को अनिवार्य बनाती हैं तो हम आने वाले वर्षों में इसमें उल्लेखनीय वृद्धि देखेंगे।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)