देश की खबरें | अभिजीत शेठ राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के नए अध्यक्ष बने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार ने अभिजीत शेठ को शीर्ष चिकित्सा शिक्षा नियामक संस्था राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नयी दिल्ली, 14 जुलाई केंद्र सरकार ने अभिजीत शेठ को शीर्ष चिकित्सा शिक्षा नियामक संस्था राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
वह डॉ. बी. एन. गंगाधर का स्थान लेंगे जिन्होंने पिछले साल अक्टूबर में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, इस पद के लिए कोई उपयुक्त उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया, इसलिए वे इस पद पर बने रहे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा बोर्ड (पीजीएमईबी) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एम. के. रमेश को चिकित्सा मूल्यांकन बोर्ड (एमएआरबी) का अध्यक्ष भी नियुक्त किया।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा 11 जुलाई को जारी आदेश में कहा गया, ‘‘मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें निम्नलिखित व्यक्तियों को पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्षों के लिए या 70 वर्ष की आयु पूरी करने तक या अगले आदेश तक निम्न उल्लिखित पदों पर नियुक्त करने का प्रस्ताव है।’’
वर्तमान में, डॉ. शेठ राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) के प्रमुख हैं जो स्नातकोत्तर और उच्च-विशिष्ट चिकित्सा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करता है।
अगस्त में होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) परीक्षा के कारण वह कुछ महीनों तक इसके प्रमुख के रूप में कार्य करते रहेंगे।
एनएमसी के सभी चार स्वायत्त बोर्डों में प्रमुख पद पिछले नौ महीनों से रिक्त पड़े हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 10:30 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

