बलिया (उप्र), 17 जुलाई भारतीय जनता पार्टी भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में हाल ही में शामिल हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोमवार को कहा कि माफिया-राजनेता मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी उनकी पार्टी के अधिकृत विधायक हैं।
राजभर ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में वर्ष 2022 में सुभासपा के टिकट पर विधायक चुने गए अब्बास अंसारी के बारे में अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है, ''वह मेरी पार्टी के अधिकृत विधायक हैं।''
जब उनसे पूछा गया कि अंसारी का भविष्य क्या होगा तो उन्होंने कहा, "वह (अंसारी) सपा के उम्मीदवार थे और मेरी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़े थे। वह हमारी पार्टी के विधायक हैं। अब देखिए क्या होगा..."
गौरतलब है कि अब्बास अंसारी मऊ सदर सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक हैं और वह इस वक्त कई मामलों में जेल में बंद हैं।
राजग में शामिल होने के बाद गठबंधन में अपनी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर राजभर ने तल्ख लहजे में कहा, "क्या आप लोग मेरी पार्टी के मालिक हैं। मैं मालिक हूं। मैं जो चाहूंगा वह करूंगा।"
गौरतलब है कि अब्बास अंसारी का पिता और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी जेल में हैं। राज्य सरकार मुख्तार के गैंग के सदस्यों पर लगातार शिकंजा कसती जा रही है और उनकी कई संपत्तियों को कुर्क किए जाने के साथ-सथ अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर भी चलाया गया है।
राजभर की सुभासपा ने पिछले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके लड़ा था और उसके छह विधायक हैं।
जातिवार जनगणना पर राजभर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की और कहा कि उनकी पार्टी इस जनगणना के पक्ष में है।
उन्होंने कहा, "जातियों के आंकड़े कोई नहीं बता सकता। ये स्थिति है। डॉक्टर आंबेडकर ने संविधान में हर 10 साल में जातिवार जनगणना की व्यवस्था की थी। इस जनगणना के बिना हम बजट नहीं तय कर सकते। हम जातिवार जनगणना के पक्ष में हैं और अपने रुख से पीछे नहीं हटेंगे।''
सं सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY