देश की खबरें | आप के पाठक और भाजपा विधायक महाजन व्यापारी की गिरफ्तारी के मुद्दे पर भिड़े

नयी दिल्ली, 15 जून आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दुर्गेश पाठक ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जितेंद्र महाजन पर एक व्यापारी से रंगदारी वसूलने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मामला दर्ज कराने पर शिकायतकर्ता को ‘महाजन की उपस्थिति में गिरफ्तार’ किया गया।

महाजन ने यह कहते हुए आरोपों का खंडन किया कि आप का चरित्र ही दूसरों पर ‘बेबुनियाद आरोप लगाना’ है।

पाठक ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ 28 मई को दो व्यापारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी कि भाजपा विधायक जितेंद्र महाजन ने अपने गुंडों का इस्तेमाल कर उनपर गोलियां चलवायी तथा उनसे दो करोड़ रुपये रंगदारी वसूलने की कोशिश भी की। कुछ दिन बाद पुलिस ने उन दो शिकायतकर्ताओं में एक को गिरफ्तार कर लिया। ’’

पाठक ने सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए दावा किया कि व्यापारी को निजी वाहन में गिरफ्तार किया गया । उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का भाजपा द्वारा ‘दुरुपयोग ’ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में यह कानून व्यवस्था की यह स्थिति है। जितेंद्र महाजन के सामने व्यापारी को गिरफ्तार किया गया। वास्तव में उन्हें निजी वाहन में गिरफ्तार किया गया। हमने उसका सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिया है। यह इस बात का सटीक उदाहरण है कि कैसे पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि महाजन को ‘तत्काल गिरफ्तार किया जाए’ अन्यथा आप नेता उनके विरूद्ध प्रदर्शन करेंगे।

इन आरोपों पर महाजन ने कहा कि पाठक झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ दूसरों पर बेबुनियाद आरोप लगाना आप का चरित्र ही है। उसे पुलिस या अदालत पर विश्वास नहीं है।’’

भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘ जिन व्यक्तियों ने मुझपर लोगों को भेजने एवं उनकी दुकान पर गोली चलाने का आरोप लगाया, उन्होंने खुलासा किया है कि उन्होंने मेरे खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करायी है। इस बात का सबूत भी है कि उनकी शिकायत फर्जी है।’’

महाजन ने आरोप लगाया कि पाठक उनसे ‘ राजनीतिक हिसाब’ चुकाने की चेष्टा कर रहे हैं और ‘गलत व्यक्तियों’ का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को झूठ बोलने और गुमराह करने वाला बयान देकर जांच को प्रभावित करने को लेकर पाठक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)