देश की खबरें | टिकट वितरण के लिए आप दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनता से राय लेगी: गोपाल राय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों की घोषणा करने से पहले सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनता की प्रतिक्रिया जानने के लिए सर्वेक्षण कराएगी। पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 12 नवंबर आम आदमी पार्टी (आप) आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों की घोषणा करने से पहले सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनता की प्रतिक्रिया जानने के लिए सर्वेक्षण कराएगी। पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के जिला सम्मेलन में सर्वेक्षण के बारे में घोषणा की। उन्होंने कहा कि सब कुछ पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किया जाएगा।
राय ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “वर्तमान विधायकों और टिकट चाहने वालों के बारे में लोगों की राय ली जाएगी।”
उन्होंने कहा कि आप जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर बड़े फैसले लेती रही है और इस बार भी टिकट वितरण के मामले में ऐसा ही किया जाएगा।
किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में मंडल प्रभारियों के सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा कि टिकट वितरण पार्टी द्वारा कराए गए सर्वेक्षणों के साथ-साथ टिकट चाहने वालों द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर किया जाएगा।
आप ने 2020 में हुए पिछले चुनावों में 62 विधानसभा सीट जीती थीं। इस बार पार्टी 62 से अधिक सीट जीतकर अपनी संख्या बेहतर करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। केजरीवाल ने कहा कि इस बार टिकट गंभीर विचार-विमर्श के बाद वितरित किए जाएंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने हैं। सत्तारूढ़ आप के अलावा भाजपा और कांग्रेस भी मैदान में होंगी।
पिछली बार मात्र आठ सीट जीतने वाली भाजपा इस बार चुनाव जीतने और 25 साल के अंतराल के बाद दिल्ली में सरकार बनाने के लिए कमर कस रही है। भारतीय जनता पार्टी ने इससे पहले 1993 में दिल्ली विधानसभा चुनाव जीता था।
चुनावों से पहले केजरीवाल और आप के अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रचार के लिए तैयार करने के लिए जिला स्तर पर बैठकें कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि आप के टिकट पर चाहे कोई भी चुनाव लड़े, पार्टी कार्यकर्ताओं को यह सोचना चाहिए कि पूर्व मुख्यमंत्री सभी 70 सीट पर लड़ रहे हैं और उनकी निष्ठा केवल उनके प्रति होनी चाहिए।
उन्होंने मंडल प्रभारियों, जो पांच-पांच मतदान केंद्रों को कवर करते हैं, से कहा है कि वे उनका संदेश हर घर तक पहुंचाएं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)