पश्चिम बंगाल के बाद पंजाब में भी 'INDIA' गठबंधन को लगा झटका, सीएम मान बोलें आप का लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि उनकी आम आदमी पार्टी (आप) आगामी लोकसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी. पंजाब के मुख्यमंत्री ने यह दावा भी दोहराया कि आप सभी 13 सीट पर जीत दर्ज करेगी.
चंडीगढ़, 24 जनवरी: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि उनकी आम आदमी पार्टी (आप) आगामी लोकसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी. पंजाब के मुख्यमंत्री ने यह दावा भी दोहराया कि आप सभी 13 सीट पर जीत दर्ज करेगी. मान के इस बयान से पहले बुधवार को ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने भी ऐलान किया कि उनकी पार्टी संसदीय चुनाव में पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी.
आप 28 दलों के विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा है जिसमें कांग्रेस, टीएमसी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा समेत अन्य दल शामिल हैं. पंजाब के मुख्यमंत्री ने यह बयान ऐसे समय दिया है जब आप और कांग्रेस के बीच आम चुनाव के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गोवा और गुजरात में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है.
हालांकि, आप ने चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए मान ने कहा कि उन्होंने कई बार कहा है कि ‘पंजाब देश में नायक के रूप में उभरेगा और 2024 के लोकसभा चुनावों में आप सभी 13 सीट जीतेगी.’’ यह भी पढ़े: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी कार हादसे में जख्मी, सिर में लगी चोट, देखें Video
यह पूछे जाने पर कि क्या यह स्पष्ट है कि कांग्रेस के साथ आप चुनावी गठबंधन नहीं करेगी। इस सवाल पर मान ने कहा, ‘‘हम उनके (कांग्रेस) साथ नहीं जाएंगे.’’ उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीट के लिए आप के संभावित उम्मीदवारों पर पहले ही चर्चा हो चुकी है और 40 संभावितों के नाम सामने आ चुके हैं.
मान ने कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हर लोकसभा क्षेत्र में तीन से चार संभावित उम्मीदवार हैं। सर्वेक्षण किया जाएगा और हमने चुनाव जीतने की क्षमता को किसी उम्मीदवार को मैदान में उतारने की कसौटी निर्धारित किया है. मान और आप के कई नेता लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ किसी भी समझौते का विरोध कर रहे हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 24, 2024 03:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

