देश की खबरें | आप ने कंझावला कांड के आरोपी का बचाव करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा; कैडल लाइट मार्च निकाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह कंझावला कांड के एक आरोपी का ‘बचाव’ कर रही है।
नयी दिल्ली, चार जनवरी आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह कंझावला कांड के एक आरोपी का ‘बचाव’ कर रही है।
उन्होंने यह भी जानना चाहा कि आरोपी मनोज मित्तल को अभी तक पार्टी से निकाला क्यों नहीं गया है।
गौरतलब है कि नया साल शुरू होने के कुछ ही घंटों भीतर कार-स्कूटी की टक्कर के बाद अंजलि सिंह कार के नीचे फंस कर करीब 12 किलोमीटर तक सड़कों पर घिसटती रहीं, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस सिलसिले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने पांचों को सोमवार को तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।
संजय सिंह ने दावा किया कि उन्होंने पत्र लिखकर, ईमेल भेजकर और फोन करके केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है ताकि घटना पर चर्चा कर सकें, लेकिन अभी तक मिलने का समय नहीं मिला है।
उन्होंने बताया, ‘‘यह वीभत्स अपराध दिल्ली में हुआ है और भाजपा जिस तरह से आरोपी का साथ दे रही है, वह शर्मनाक है। मैं मंगलवार से ही अमित शाह को फोन कर रहा हूं, ताकि घटना पर बात कर सकूं। मैंने उन्हें पत्र लिखा है, ईमेल भेजा है यहां तक कि उनके कार्यालय में फोन भी किया है। मुझे बताया गया कि मुझे बुधवार को मिलने का समय मिलेगा, लेकिन उनके कार्यालय से उसके बाद कोई जवाब नहीं आया है।’’
दिल्ली पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आप के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि नये साल पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की नोटिस जारी किए जाने के बावजूद पुलिस दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस ने नये साल पर सुरक्षा इंतजाम को लेकर लंबे-लंबे वादे किए थे। अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यह घटना कैसे हुई? अगर अमित शाह दिल्ली की कानून-व्यवस्था नहीं संभाल सकते हैं तो उन्हें जिम्मेदारी छोड़ देनी चाहिए और (दिल्ली के मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल को शहर की सुरक्षा का ध्यान रखने देना चाहिए।’’
वहीं, भारतीय जनता पार्टी लगातार कह रही है कि आरोपियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए और मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में होनी चाहिए। भाजपा ने कहा कि मित्तल हाल ही में संपन्न दिल्ली एमसीडी चुनाव के दौरान पार्टी में शामिल हुए, लेकिन पार्टी में सदस्यता ग्रहण नहीं की है।
संजय सिंह ने सवाल किया, ‘‘भाजपा नेता मनोज मित्तल अपने दोस्तों के साथ इस क्रूर अपराध के लिए जिम्मेदार है। वह हिन्दुस्तान में तालिबान की तरहव्यवहार कर रहे हैं। भाजपा के एक भी नेता ने घटना की निंदा नहीं की है और नाहीं मित्तल के खिलाफ कार्रवाई की है। मनोज मित्तल के खिलाफ कोई जांच क्यों नहीं हो रही है?’’
इससे पहले दिल्ली में सत्तारूढ़ आप ने कंझावला कांड में कथित लापरवाही को लेकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना को हटाने की मांग भी की।
इसबीच, आप ने बुधवार को मध्य दिल्ली में कैंडल लाइट मार्च निकाला और अंजलि सिंह के लिए न्याय की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)