एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली के विद्यालयों को बम की धमकी मिलने पर आप ने भाजपा पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने दिल्ली के निजी विद्यालयों को लगातार तीसरे दिन बम की धमकी मिलने पर बुधवार को भाजपा सरकार की आलोचना की तथा केंद्रीय एजेंसियों की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाया।

देश की खबरें | दिल्ली के विद्यालयों को बम की धमकी मिलने पर आप ने भाजपा पर निशाना साधा

नयी दिल्ली, 16 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने दिल्ली के निजी विद्यालयों को लगातार तीसरे दिन बम की धमकी मिलने पर बुधवार को भाजपा सरकार की आलोचना की तथा केंद्रीय एजेंसियों की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाया।

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इन धमकियों से उत्पन्न भय और व्यवधान के प्रति उदासीन है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘दिल्ली के लोगों और उनके बच्चों की ना तो गृहमंत्री अमित शाह जी को कोई चिंता है और ना ही उनकी चार-चार इंजन वाली सरकारों को। दिल्ली को जंगलराज बनाने पर तुली है भाजपा।’’

आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने बार-बार मिल रही झूठी धमकियों पर केंद्रीय एजेंसियों की चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा,‘‘दिल्ली के स्कूलों को लगभग हर महीने बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। अभिभावक, बच्चे सब डरे हुए हैं, ऐसी धमकियों से लाखों परिवार सदमे में आ जाते हैं लेकिन अफसोस की बात है कि हर महीने मिल रही धमकियों के बाद भी ना तो कोई पकड़ा गया और ना सरकार ने इसपर कोई जवाब दिया। ’’

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ क्या सारा खुफिया तंत्र फेल हो गया है? क्या सारी खुफिया एजेंसियां सिर्फ विपक्ष के नेताओं पर नज़र रखने के लिए और झूठा केस लगाने के काम में ही व्यस्त हैं?’’

सिसोदिया ने कहा, ‘‘ मेरा भाजपा वालों से निवेदन है- कृपया खुफिया तंत्र के कुछ लोगों को विपक्ष के नेताओं के पीछे से हटाइये और पता लगाइए बच्चों के स्कूलों को बम से उड़ाने की ये धमकियां कौन दे रहा है?’’

इसी तरह की चिंताएं व्यक्त करते हुए, आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बार-बार मिल रही धमकियों से अभिभावकों में दहशत बढ़ रही है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘आज, दिल्ली के एक निजी स्कूल को फिर से धमकी मिली। अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए संदेश भेजे गए और हर जगह अफरा-तफरी मच गई। अब, बच्चों को घर ले जाने के लिए अफरा-तफरी मची हुई है। क्या व्यवस्था और प्रशासन इसी तरह चलता रहेगा?’’

इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इससे पहले दिन में, दिल्ली के पांच निजी विद्यालयों को ईमेल भेजकर बम होने की धमकी भेजी गई थी, जिसके बाद संबंधित विद्यालयों खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और जांच चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2025 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).