नयी दिल्ली,29 अप्रैल आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक आतिशी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए "शासन के केजरीवाल मॉडल" पर प्रकाश डाला और कहा कि जब विकास, निष्पक्षता, पारिस्थितिकी स्थिरता तथा वित्तीय विवेक सुनिश्चित करने की बात हो तो दिल्ली शहर सभी शहरों के लिए एक उदाहरण हो सकता है।
उनके संबोधन के बारे में शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह बात कही गई।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में आतिशी के संबोधन की उनकी पार्टी के लोगों ने सराहना की जिनमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हैं।
केजरीवाल ने आतिशी की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया शहरी शासन के कई क्षेत्रों में समाधान के वास्ते दिल्ली की तरफ देख रही है।
ऑक्सफोर्ड से स्नातक आतिशी ने समतावादी विकास संबंधी संतुलन बनाए रखने में दिल्ली की आप सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
आतिशी ने अपने संबोधन में कहा, " तीन करोड़ की आबादी वाले शहर में सरकारी जल उपयोगिता को नुकसान हो रहा था, सरकारी स्कूल और अस्पताल विफल हो रहे थे.... हालांकि, पिछले सात साल में दिल्ली सरकार ने ये सब पलट दिया है।’’
उन्होंने कहा, "अब हमारे पास 24x7 बिजली है, जो देश में कुछ सबसे कम बिजली दरों में शामिल है। 40 लाख घरों में शून्य बिजली बिल मिलता है। दिल्ली शहर के 1,500 से अधिक आवासीय क्षेत्रों में पहली बार पाइप से पानी की आपूर्ति हुई है।’’ दिल्ली विधानसभा द्वारा जारी बयान के अनुसार, कालकाजी से विधायक ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि राष्ट्रीय राजधानी में सरकारी स्कूल पिछले पांच वर्षों से निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
आतिशी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले साल दो लाख छात्र निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों में स्थानांतरित हुए और इसके साथ ही मोहल्ला क्लिनिक नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने आप के शासन मॉडल पर भी प्रकाश डाला और कहा कि इसने इस मिथक को तोड़ दिया है कि सरकार को आर्थिक विकास सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी सेवाएं प्रदान करने से पीछे हटना होगा।
आप नेता ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए गए अपने भाषण के वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट किया जिसे पुन: ट्वीट करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘भारत के लिए गर्व का क्षण। दिल्ली और आप भारतीयों को गौरवान्वित कर रही हैं। दुनिया शहरी शासन के कई क्षेत्रों में समाधान के लिए अब दिल्ली की ओर देख रही है। हम दुनिया को बेहतर स्थान बनाने के लिए एक-दूसरे से सीखेंगे।’’
केजरीवाल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ बहुत अच्छा आतिशी। यह गर्व का क्षण है। इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिल्ली और देश की जनता की भावनाओं सहित देश की क्षमता के बारे में दुनिया को जागरूक करने के लिए बहुत बधाई। देश को इसी तरह के प्रगतिशील विचारों की जरूरत है। भारत अब आगे बढ़ना चाहता है।’’
आतिशी ने अपने संबोधन का वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा कि ‘‘दिल्ली मॉडल’’समस्याओं के समाधान के लिए दृष्टिकोण पेश कर सकता है।
उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ अरविंद केजरीवाल की सरकार द्वारा दिल्ली में लाए गए बदलावों को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सामने रखना सम्मान की बात है। मेरा मानना है कि ‘दिल्ली मॉडल’ उन समस्यों के समाधान की एक झलक पेश कर सकता है जिसका दुनिया के कई देश सामना कर रहे हैं।’’
आतिशी की प्रशंसा करते हुए सिसोदिया ने कहा, "यह दिल्ली और आप में हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक एवं गर्व का क्षण है। केजरीवाल मॉडल संयुक्त राष्ट्र के 'न्यू अर्बन एजेंडा' की स्थायी शहरों के निर्माण में मदद कर सकता है।"
गौरतलब है कि इससे पहले भी आम आदमी पार्टी सरकार की मोहल्ला क्लिनिक जैसी पहल और स्कूली शिक्षा में सुधार ने अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोरी थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY