देश की खबरें | आप, कांग्रेस ने गठबंधन किया होता तो भाजपा दिल्ली चुनाव हार जाती: शिवसेना (उबाठा)
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस-आप का गठबंधन होता तो उसने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को कुचल दिया होता।
मुंबई, आठ फरवरी शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस-आप का गठबंधन होता तो उसने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को कुचल दिया होता।
महाराष्ट्र में मतदाता सूची में विसंगतियों के अपने आरोपों को दोहराते हुए राउत ने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव में ‘‘महाराष्ट्र पैटर्न’’ लागू किया गया।
पिछले साल नवंबर में महाराष्ट्र में ‘महायुति’ गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी।
राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर आप और कांग्रेस के बीच संबंध अच्छे होते तो बेहतर परिणाम होता। दोनों दलों ने भाजपा के खिलाफ अलग-अलग चुनाव लड़ा। अगर वे मिलकर चुनाव लड़ते तो भाजपा की हार निश्चित थी। हमें इससे सबक लेना चाहिए।’’
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में 39 लाख वोट जोड़े गए।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता ने आरोप लगाया, ‘‘ये वोट बिहार में नहीं जाएंगे, जबकि कुछ दिल्ली चले गए हैं। दिल्ली में भी महाराष्ट्र का पैटर्न लागू किया गया। निर्वाचन आयोग ने अपनी आंखें बंद कर ली हैं।’’
भाजपा 26 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
राउत ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) को दिल्ली में काम नहीं करने दिया गया, जहां उपराज्यपाल के पास पूरी ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप के सभी महत्वपूर्ण नेताओं को जेल में डाल दिया गया, जो पार्टी की हार का एक मुख्य कारण है। भाजपा के खिलाफ खड़े होने वाले नेतृत्व को खत्म करना महाराष्ट्र का पैटर्न है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2025 03:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

