देश की खबरें | आप ने सोमवार को दिल्ली विस का सत्र आहूत किया, केजरीवाल को सीबीआई के नोटिस पर होगी चर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली सरकार ने सोमवार को विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया है और आबकारी नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के नोटिस पर सदन में चर्चा होने की संभावना है।

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल दिल्ली सरकार ने सोमवार को विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया है और आबकारी नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के नोटिस पर सदन में चर्चा होने की संभावना है।

एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, बजट सत्र का दूसरा हिस्सा सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे विधानसभा हॉल में शुरू होगा।

सीबीआई ने अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति के संबंध में पूछताछ के लिए रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे केजरीवाल को अपने मुख्यालय में तलब किया है। उन्हें एजेंसी द्वारा गवाह के रूप में बुलाया गया है और वह उस मामले में आरोपी नहीं हैं जिसमें दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था।

आप ने आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है।

आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज कहा, ‘‘यह घटना अभूतपूर्व है और इस पर विधानसभा में चर्चा की जानी चाहिए। हमारे पास दिल्ली के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी विधायकों के विचार होंगे और आगामी सत्र में इस मुद्दे के बारे में उनका दृष्टिकोण जानेंगे।’’

शनिवार को, केजरीवाल ने कहा कि वह आबकारी नीति मामले में सीबीआई के सामने पेश होंगे और इस बात पर जोर दिया कि अगर वह "भ्रष्ट" हैं तो दुनिया में कोई भी "ईमानदार" नहीं है।

उन्होंने कहा कि वह अदालतों में झूठे शपथपत्र दायर करने के लिए केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\