देश की खबरें | ‘आप’ का वर्मा पर केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को नकदी बांटने का आरोप, भाजपा का इनकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता प्रवेश वर्मा द्वारा नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को 1,100 रुपये वितरित किए जाने को लेकर तीखी राजनीतिक तकरार हुई। आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उन्हें ‘‘देशद्रोही’’ कहा और मुख्यमंत्री आतिशी ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
नयी दिल्ली, 25 दिसंबर दिल्ली में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता प्रवेश वर्मा द्वारा नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को 1,100 रुपये वितरित किए जाने को लेकर तीखी राजनीतिक तकरार हुई। आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उन्हें ‘‘देशद्रोही’’ कहा और मुख्यमंत्री आतिशी ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
केजरीवाल 2013 से इस सीट से विधायक हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में इस निर्वाचन क्षेत्र से ‘आप’ के उम्मीदवार हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्मा चुनाव में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं और उन्होंने दिल्लीवासियों से पूछा कि क्या वे ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं।
हालांकि, वर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने पिता द्वारा स्थापित संगठन 'राष्ट्रीय स्वाभिमान' के माध्यम से महिलाओं को 1,100 रुपये की वित्तीय सहायता देने की योजना शुरू की है।
‘आप’ प्रमुख पर कटाक्ष करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वह केवल लोगों की मदद कर रहे हैं और "उनकी (केजरीवाल) तरह शराब वितरित नहीं कर रहे हैं।”
भाजपा के आईटी विभाग के प्रभारी अमित मालवीय ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केजरीवाल पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘शराब घोटाले के आरोपी' यह ज्ञान दे रहे हैं कि मुख्यमंत्री कौन होगा।
केजरीवाल आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में आरोपी हैं और उन्हें इस साल मार्च में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उन्हें सितंबर में जेल से रिहा किया गया था।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक दर्जन से अधिक पोस्ट कर वर्मा पर हमला बोला।
भाजना नेता पर हमला करते हुए केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, “ये लोग हर वोटर को 1100 रुपये दे रहे हैं और कह रहे हैं कि उनकी पार्टी को वोट देना। ये आप ज़रूरतमंदों की मदद कर रहे हो या खुलेआम वोट ख़रीद रहे हो? आपके पिताजी को आज शर्म आ रही होगी आप जैसे देशद्रोही बेटे पर।”
एक अन्य पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, ‘ सूत्रों के मुताबिक भाजपा प्रवेश वर्मा को अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने जा रही है। क्या दिल्ली की जनता ऐसे व्यक्ति को अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहेगी?”
‘आप’ सुप्रीमो ने दावा किया कि उन्होंने नयी दिल्ली के कई इलाकों का दौरा किया जहां लोगों ने उन्हें बताया कि उन्हें 1,100 रुपये की पेशकश की गई है और उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से वर्मा के घर जाकर उनसे पैसे मांगने को कहा।
मुख्यमंत्री आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा के विंडसर प्लेस स्थित आवास पर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली महिलाओं को 1,100-1,100 रुपये दिए गए हैं तथा उनकी मतदाता पहचान-पत्र की जानकारी भी दर्ज की गई है।
वर्मा ने आतिशी के इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके दिवंगत पिता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा द्वारा गठित गैर सरकारी संगठन ‘राष्ट्रीय स्वाभिमान’ के एक अभियान के तहत यह धनराशि वितरित की गई है।
आतिशी ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली पुलिस, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से मांग करती हूं कि उस बंगले पर छापेमारी करें जहां करोड़ों रुपए रखे हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि ‘आप’ इस संबंध में पुलिस और निर्वाचन आयोग से औपचारिक शिकायत करेगी तथा वर्मा को गिरफ्तार करने की मांग करेगी।
पश्चिमी दिल्ली से भाजपा के पूर्व सांसद वर्मा ने पहले दावा किया था कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनसे नयी दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू करने के लिए कहा है।
वर्मा ने एक बयान में कहा कि ‘राष्ट्रीय स्वाभिमान’ की एक योजना के तहत समाज के गरीब वर्ग की महिलाओं को 1,100 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता दी जा रही है।
वर्मा ने कहा, ‘‘मैं महिलाओं का दर्द देख रहा हूं जो अरविंद केजरीवाल 11 साल तक नहीं देख पाए। वे परेशान थीं... मैंने तय किया कि हम उन्हें 1100 रुपये प्रति माह देंगे। कम से कम मैं अरविंद केजरीवाल की तरह शराब तो नहीं बांट रहा हूं। मुझे खुशी है कि मैं लोगों की मदद कर रहा हूं।’’
वर्मा ने कहा कि ‘राष्ट्रीय स्वाभिमान’ लोगों की मदद करता है और उसने गुजरात में आए भूकंप से तबाह हुए दो गांवों और ओडिशा में चक्रवात से नष्ट हुए चार गांवों का पुनर्विकास करने में भी मदद की है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल और आतिशी चाहे जितना भी शोर मचा लें, लेकिन वह महिलाओं की मदद करना जारी रखेंगे और कोई भी महिला उनके आवास से खाली हाथ नहीं लौटेगी।
दिल्ली की 70 विधानसभा सीट पर अगले साल फरवरी में चुनाव होने हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 26, 2024 12:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

