देश की खबरें | आम आदमी पार्टी अकेले लड़ेगी बिहार विधानसभा चुनाव : राज्यसभा सदस्य संजय सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। हालांकि उन्होंने 'इंडिया' गठबंधन के आरोप का समर्थन किया कि भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर बिहार में मतदाता सूची में हेरफेर की जा रही है।
पटना, 11 जुलाई आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। हालांकि उन्होंने 'इंडिया' गठबंधन के आरोप का समर्थन किया कि भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर बिहार में मतदाता सूची में हेरफेर की जा रही है।
'पीटीआई वीडियो' के साथ बातचीत में राज्यसभा सदस्य सिंह ने अपनी पार्टी के सहयोगी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का भी जोरदार बचाव किया। मान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छोटे देशों की यात्राओं का उपहास करने के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
आप नेता सिंह ने यह भी दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मोदी को "एक बड़ा संकेत" मिला है, जिन्होंने कहा है कि 75 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को सक्रिय सार्वजनिक जीवन में नहीं रहना चाहिए।
'इंडिया' गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में जब उनसे पूछा गया तो आप के बिहार प्रभारी ने जोर देकर कहा, "हम आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे।" आप पिछले साल के लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन का हिस्सा थी।
सिंह की पार्टी ने दिल्ली में कांग्रेस के साथ सीटों का समझौता किया था, लेकिन पंजाब में ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
उन्होंने कहा, " आप 'इंडिया' गठबंधन की स्थिति देखिए। पप्पू यादव और कन्हैया कुमार जैसे नेताओं को किनारे कर दिया गया। ऐसे गठबंधन के बारे में कोई क्या कह सकता है।"
उनका इशारा इस सप्ताह की शुरुआत में हुई एक कथित घटना की ओर था, जिसमें मीडिया के एक वर्ग ने दावा किया था कि कांग्रेस समर्थक निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और पार्टी नेता कन्हैया कुमार को सुरक्षाकर्मियों ने उस खुले वाहन पर चढ़ने से रोक दिया, जिस पर सवार होकर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और 'इंडिया' गठबंधन के अन्य प्रमुख नेताओं ने जनता को संबोधित किया था।
हालांकि, यादव ने खबरों का खंडन करते हुए कहा था कि उनका कभी भी वाहन पर चढ़ने का इरादा नहीं था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 08:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

