नयी दिल्ली, 16 फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना के पीड़ितों के लिए पर्याप्त मुआवजा देने की रविवार को मांग की और सरकार पर घटना को छिपाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात भगदड़ मचने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में प्रत्यक्षदर्शियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ट्रेन के लिए प्लेटफार्म बदलने की घोषणा होने के कारण वहां भगदड़ मची है।
सिंह ने कहा, ‘‘ऐसा बताया जा रहा है कि ट्रेन का प्लेटफॉर्म 12 से बदलकर 14 होने की घोषणा की गई थी। वहां भगदड़ मचने का एक यह भी कारण है। क्या रेलवे को इस बात की जानकारी नहीं थी कि ऐसी घोषणा से भगदड़ मच सकती है?’’
‘आप’ के वरिष्ठ नेता ने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए उस पर घटना को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि मृतकों की संख्या आधिकारिक तौर पर घोषित की गई संख्या से अधिक है।
कई रेल हादसों का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘वे इसे नकारने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी कोई घटना हुई। सरकार की टालमटोल और असंवेदनशीलता की प्रवृत्ति कब तक जारी रहेगी? सरकार और रेल मंत्री की जिम्मेदारी कब तय होगी?’’
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि घटना के समय पटना जाने वाली मगध एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी और नयी दिल्ली-जम्मू उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 15 पर खड़ी थी।
उन्होंने भगदड़ का कारण बताते हुए कहा, ‘‘कुछ लोग जो ‘फुटओवर ब्रिज’ से उतरकर प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 की ओर सीढ़ियों से आ रहे थे वे फिसलकर दूसरों पर गिर गए।’’
सिंह ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति ‘आप’ की ओर से संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यक्तियों के लिए पर्याप्त मुआवजे और घटना के लिए रेल मंत्री की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY