देश की खबरें | हिमाचल में पर्वतारोहण के दौरान लापता हरियाणा के एक युवक का पता अभी नहीं चला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में चूड़धार चोटी पर चढ़ाई करते समय महाशिवरात्रि (बुधवार) के दिन लापता हुए हरियाणा के पंचकूला निवासी युवक का पता अभी तक नहीं लगाया जा सका है।

नाहन, दो मार्च हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में चूड़धार चोटी पर चढ़ाई करते समय महाशिवरात्रि (बुधवार) के दिन लापता हुए हरियाणा के पंचकूला निवासी युवक का पता अभी तक नहीं लगाया जा सका है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रविवार को कहा कि 26 फरवरी को लापता हुए पर्यटक का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा और बचाव दल चूड़धार घाटी में उसकी तलाश कर रहे हैं।

मंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि खराब मौसम (भारी बारिश और बर्फबारी) ने राज्य के कई हिस्सों में कहर बरपाया है और लोगों को चूड़धार चोटी पर चढ़ने जैसा जोखिम नहीं लेने की सलाह दी गई है।

नोहराधार के स्थानीय निवासियों के अनुसार, बहुत खराब मौसम के बावजूद पंचकूला के तीन दोस्तों ने महाशिवरात्रि की सुबह नोहराधार गांव से चूड़धार चोटी पर चढ़ाई शुरू की। यह चढ़ाई दोनों तरफ से लगभग 100 किमी है।

उन्होंने कहा कि दो दोस्त शाम को चोटी पर पहुंचने में सफल रहे, लेकिन उनका एक साथी अक्षय साहनी (28) पुत्र अनिल साहनी चूड़धार चोटी तक नहीं पहुंच सका।

संगड़ाह के पुलिस उपाधीक्षक मुकेश डडवाल ने कहा कि लापता युवक का पता लगाने के लिए थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम रवाना की गई थी, लेकिन खराब मौसम और चोटी पर पांच से सात फुट मोटी बर्फ जमा होने के कारण टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

संगड़ाह के उपजिलाधिकारी सुनील कायथ ने बताया कि प्रशासन ने लापता युवक की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम को तैनात किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\