देश की खबरें | बीएमडब्ल्यू से उतरकर सड़क पर पेशाब करने वाले व्यक्ति का वीडियो वायरल, एक व्यक्ति हिरासत में

पुणे, आठ मार्च महाराष्ट्र के पुणे में बीएमडब्ल्यू से उतरकर सड़क पर पेशाब करने वाले व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के संबंध में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना संभवतः येरवडा के शास्त्रीनगर इलाके में सुबह की है और वीडियो एक प्रत्यक्षदर्शी ने बनाया है।

उन्होंने बताया कि वीडियो के बारे में पुलिस को सूचित किए जाने के बाद भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत सार्वजनिक रूप से उपद्रव, तेज व लापरवाही से वाहन चलाने, सड़कों पर खतरा पैदा करने और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है।

येरवडा थाना अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी गौरव आहूजा के सड़क पर पेशाब करने के दौरान कार की अगली सीट पर बैठे भाग्येश ओसवाल को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया, “ओसवाल को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया क्योंकि हमारा मानना ​​है कि उस समय दोनों युवक नशे में थे। आहूजा फरार है और स्थानीय पुलिस व अपराध शाखा की टीमें उसे पकड़ने के प्रयास कर रही हैं।”

सोशल मीडिया मंच पर वायरल हुए वीडियो में एक व्यक्ति को महंगी कार की अगली सीट पर बैठे देखा जा सकता है, जबकि उसका साथी गाड़ी चलाने से पहले सड़क पर पेशाब करता है।

घटना का वीडियो बना रहे व्यक्ति को देखकर वह मुस्कुराते हुए तेजी से भाग जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)