एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव इलाके में तीन मंजिला इमारत ढही, एक व्यक्ति की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव इलाके में शुक्रवार तड़के तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत ढहने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव इलाके में तीन मंजिला इमारत ढही, एक व्यक्ति की मौत

नयी दिल्ली, 11 जुलाई दिल्ली के बाड़ा हिंदूराव इलाके में शुक्रवार तड़के तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत ढहने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने मृतक के परिवार के लिए पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

मृतक की पहचान मनोज शर्मा (46) के रूप में हुई है जो इमारत में स्थित एक दुकान में काम करता था और ढही हुई इमारत के मलबे में दब गया था।

अधिकारी ने बताया कि शर्मा को मलबे से बाहर निकालकर हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटनास्थल दिल्ली मेट्रो के जनकपुरी पश्चिम-आर.के. आश्रम मार्ग कॉरिडोर के लिए चल रहे सुरंग निर्माण कार्य के प्रभाव क्षेत्र में आता है।

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘इलाके में सुरंग निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही इमारतों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया था और डीएमआरसी ने उन्हें खाली करा लिया था।’’

बयान में आगे कहा गया, ‘‘दुर्भाग्य से इस अभियान के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और डीएमआरसी ने मृतक के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।’’

गौरतलब है कि डीएमआरसी ने 12 जून को भवन मालिकों को इमारतों को खाली करने का अनुरोध करते हुए पत्र भेजे थे। इसमें बताया गया था कि ये इमारतें बेहद जर्जर हालत में हैं और इसलिए एहतियात के तौर पर इन्हें खाली कराना जरूरी है। इसके बाद इमारतों को खाली करा लिया गया।

स्थानीय निवासी प्रशांत ने कहा, ‘‘डीएमआरसी ने दुकानदारों को पहले ही अपनी दुकानें खाली करने के लिए सूचित कर दिया था। हमें यह भी पता चला है कि उन्होंने परिवार के सदस्य के लिए पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। हम मांग करते हैं कि उचित जांच होनी चाहिए।’’

प्रशांत ने कहा कि इमारत गिरने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।

उन्होंने बताया कि शर्मा लगभग तीन दशक से उस दुकान में काम करता था। अधिकारियों ने बताया कि इमारत के सामने खड़ा एक ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, देर रात 1:56 बजे लोहिया चौक पर मिठाई पुल के पास इमारत गिरने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं।

सुबह 6:50 बजे अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि तीन दुकानों और गोदामों वाली तीन मंजिला इमारत का ढांचा ढह गया है। दुकानें भूतल पर थीं और ऊपरी मंजिलों पर स्टोर रूम थे।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंथिया ने बताया, ‘‘ये दुकानें आजाद मार्केट के पास हैं और इनमें मुख्य रूप से बैग और तिरपाल बेची जाती हैं।’’

शर्मा गुलशन महाजन की दुकान संख्या 7ए में काम करता था। डीसीपी ने बताया, ‘‘वह लगभग 30 साल से वहां काम कर रहा था।’’ उन्होंने कहा कि किसी और की मौत की खबर नहीं है।

बंथिया ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 07:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).