देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के राजौरी में मोबाइल टावर पर चढ़ा व्यक्ति, छह घंटे बाद उतारा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बुधवार सुबह 40 वर्षीय एक व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
राजौरी/जम्मू, 19 फरवरी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बुधवार सुबह 40 वर्षीय एक व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने राजौरी जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर थानामंडी कस्बे में छह घंटे से अधिक समय तक चले ‘ड्रामे’ के बाद व्यक्ति को मोबाइल टावर से उतार लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, थानामंडी में दुकान चलाने वाला जावेद कोहली मादक पदार्थ की तस्करी सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में नामजद है। उन्होंने बताया कि कोहली सुबह नौ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट से घटना को लाइव प्रसारित करने लगा।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस और प्रशासन की टीम कोहली को मोबाइल टावर से उतरने के लिए मनाने के वास्ते फौरन घटनास्थल पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों और परिजनों के बार-बार आग्रह करने के बावजूद कोहली नहीं माना, जिसके बाद प्रशासन को एसडीआरएफ, दमकल एवं आपातकालीन सेवा कर्मियों और स्वास्थ्य विभाग से मदद मांगनी पड़ी।
अधिकारियों के मुताबिक, काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद, जिसमें पुलिस ने जन-संबोधन प्रणाली का इस्तेमाल कर उसे भरोसा दिलाया कि उसकी सभी जायज चिंताओं पर ध्यान दिया जाएगा, कोहली को अपराह्न करीब 3.15 बजे मोबाइल टावर से नीचे उतार लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)