एजेंसी न्यूज

Delhi Shocker: नाबालिग से बलात्कार एवं उसे गर्भवती करने के आरोप में बिहार से एक व्यक्ति धरा गया

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 साल की एक नाबालिग लड़की से कथित रूप से बलात्कार करने को लेकर बिहार में नेपाल की सीमा के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

Delhi Shocker: नाबालिग से बलात्कार एवं उसे गर्भवती करने के आरोप में बिहार से एक व्यक्ति धरा गया
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Photo)

नयी दिल्ली, 7 मई : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 साल की एक नाबालिग लड़की से कथित रूप से बलात्कार करने को लेकर बिहार में नेपाल की सीमा के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) रोहित मीणा ने बताया कि एक मई को यह मामला तब सामने आया जब इस लड़की की मां उसे जांच के लिए अस्पताल ले गयी और वहां उसे पता चला कि उसकी बेटी गर्भवती है. उन्होंने बताया कि सफदरजंग अस्पताल से ऐसी सूचना मिलने के बाद दिल्ली छावनी थाने के पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने लड़की की मां का बयान दर्ज किया.

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए वह आरोपी के नाम के सिवा उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता पायी. उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिवार के लोग भी आरोपी का ब्योरा नहीं दे पाये क्योंकि उनके पास उसका मोबाइल नंबर एवं अन्य जानकारी नहीं थी. मीणा के मुताबिक तब पुलिस ने अपने मुखबिरों को सक्रिय किया और उसे पता चला कि आरोपी नेपाल में छुपा है. उनके अनुसार तब पुलिस ने जाल बिछाया और उसे संपत्ति संबंधी किसी काम के बहाने बुलाया. यह भी पढ़ें : UP: फैशन सा बन गया है भारत की सनातन संस्कृति को गाली देना- सीएम योगी

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘जब आरोपी सीमा पर पहुंचा तब पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया और वे फिर उसे लेकर दिल्ली आ गये.’’ पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 376 (बलात्कार) एवं बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2024 03:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).