विदेश की खबरें | पाकिस्तान में एक हिंदू महिला एवं दो किशोरियों का अपहरण, दो का जबरन धर्मांतरण कराया गया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कराची, 24 सितंबर पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू समुदाय की एक महिला एवं दो किशोरियों का अपहरण कर लिया गया और उनमें से दो का जबरन इस्लाम में धर्मांतरण कर उनकी शादी मुस्लिम व्यक्तियों से कर दी गयी। देश में अल्पसंख्यकों पर ऐसे उत्पीड़न की यह नवीनतम घटना है।

पुलिस ने बताया कि नसरपुर क्षेत्र से मीना मेघवार (14) को अगवा कर लिया गया तथा एक अन्य हिंदू किशोरी का मीरपुरखास शहर में बाजार से घर लौटने के दौरान अपहरण कर लिया गया।

तीसरी घटना में मीरपुरखास से शादीशुदा एक महिला गायब हो गयी और बाद में वह जब सामने आयी तो इस्लाम में कथित रूप से धर्मांतरित हो चुकी थी और उसका एक मुस्लिम व्यक्ति से विवाह हो गया था।

आखिरी मामले में पुलिस ने महिला के पति रवि कुर्मी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया । रवि कुर्मी का कहना है कि उसका पड़ोसी अहमद चांदियो पहले उसकी पत्नी को परेशान करता था, बाद में उसने उसका अपहरण कर लिया और उसका इस्लाम में धर्मांतरण करा दिया।

मीरपुरखास में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीनों ही मामलों की जांच की जा रही है । उन्होंने कहा कि शादीशुदा औरत राखी का दावा है कि उसने अपनी मर्जी से धर्मांतरण कर मुस्लिम व्यक्ति से शादी की।

सिंध प्रांत के अंदरूनी क्षेत्रों में युवतियों का अपहरण एवं जबरन धर्मांतरण एक बड़ी समस्या बन गयी है। इस प्रांत में थार, उमरकोट, मीरपुरखास, गोटकी, खैरपुर क्षेत्रों में हिंदुओं की अच्छी खासी संख्या है। हिंदुओं में ज्यादातर श्रमिक हैं।

इस साल जून में करीना कुमारी नामक एक किशोरी ने यहां अदालत में कहा था कि उसका जबरन धर्मांतरण कर दिया गया और उसे एक मुस्लिम व्यक्ति से ब्याह दिया गया।

इस साल मार्च में तीन हिंदू लड़कियों सतरान ओड, कविता भील और अनीता भील का अपहरण कर उनका धर्मांतरण कराया गया और फिर आठ दिनों के अंदर मुस्लिम व्यक्तियों से उन्हें ब्याह दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)