देश की खबरें | सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर पड़ोसी संग भागी दिल्ली की लड़की एक साल बाद आगरा से बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर कथित तौर पर पड़ोसी के साथ भागी बाहरी उत्तरी दिल्ली की एक किशोरी को एक साल से अधिक समय बाद पुलिस ने बरामद कर लिया है । एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 23 मार्च सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर कथित तौर पर पड़ोसी के साथ भागी बाहरी उत्तरी दिल्ली की एक किशोरी को एक साल से अधिक समय बाद पुलिस ने बरामद कर लिया है । एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘लड़की तीन फरवरी 2024 को नरेला से लापता हो गई थी और उस समय वह 16 वर्ष की थी। उसके लापता होने के बाद अभियान चलाया गया और अंततः उसका आगरा में पता चला।’’
दिल्ली पुलिस ने लड़की के बारे में सूचना देने वाले को 20,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
अधिकारी ने बताया कि लड़की अपने पड़ोसी के बहकावे में आकर उसके साथ भाग गई थी जो उसका पूर्व सहपाठी था। उन्होंने बताया कि लड़की ने सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर यह कदम उठाया था।
उसके परिवार ने तीन दिसंबर को नरेला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद, अपराध शाखा की साइबर प्रकोष्ठ ने लड़की का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम बनाई।
अधिकारी ने बताया, ‘‘सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का विश्लेषण करके, टीम ने पाया कि लड़की नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से जम्मू-कश्मीर जाने वाली ट्रेन में सवार हुई थी। टीम ने जम्मू-कश्मीर से मुंबई तक उसके बारे में पता लगाया और अंततः उसके आगरा में होने की पुख्ता जानकारी मिली।
उन्होंने आगे कहा, ‘‘21 मार्च को एक सूचना मिली कि वह ताजमहल के पास रह रही है। पुलिस ने उस स्थान पर छापा मारा और उसे बचाया।’’
लड़की ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया के प्रभाव में आ गई थी। हालांकि, मुंबई जाने के बाद उसको अपनी गलती का पछतावा हो गया। उन्होंने बताया कि फिर वह आगरा चली गई और अपना पेट पालने के लिए छोटा-मोटा काम करने लगी।
पुलिस ने उस युवक के बारे में जानकारी साझा नहीं की जिसके साथ वह भागी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)