देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में खाद्य विषाक्त के कारण एक बच्ची की मौत, 15 अन्य बीमार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई और 15 अन्य लोग बीमार हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कोंडागांव (छत्तीसगढ़), 14 फरवरी छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई और 15 अन्य लोग बीमार हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना जिले के मर्दापाल क्षेत्र के हंगवा गांव में हुई।

कोंडागांव जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिलाओं, बच्चों और अन्य ग्रामीणों ने बुधवार (12 फरवरी) को एक ग्रामीण के पारिवारिक समारोह में खाना खाया था, जहां उन्हें चिकन और पनीर परोसा गया था।

सिंह ने बताया कि भोजन के बाद ग्रामीणों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार को गांव में स्वास्थ्य अधिकारियों का एक दल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि पीड़ितों को कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि एक बच्ची की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि 15 अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं।

सिंह ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया यह भोजन विषाक्त का मामला प्रतीत होता है। जिस घर में समारोह हुआ था, वहां से पनीर और चिकन के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की जांच के लिए गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्ची की मौत पर दुख जताया है और अधिकारियों को बीमार लोगों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम हंगवा में फूड पॉइजनिंग से एक बच्ची की मृत्यु और 15 लोगों के बीमार होने की खबर अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व पीड़ितों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घटना की जानकारी मिलते ही मंत्रिमंडल के सहयोगी केदार कश्यप जी ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल जाना। मामले में अधिकारियों एवं चिकित्सकों को इलाज की बेहतर व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\