विधि मंत्रालय के अधिकारी के संक्रमित पाए जाने के बाद शास्त्री भवन की एक मंजिल आंशिक रूप से सील
यह लुटियन जोन में स्थित दूसरी सरकारी इमारत है जिसके एक हिस्से को सील किया गया है। पिछले महीने नीति आयोग की इमारत को सील किया गया था।
नयी दिल्ली, पांच मई विधि मंत्रालय के एक अधिकारी के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद, शास्त्री भवन की एक मंजिल को आंशिक रूप से सील कर दिया गया है। इस सरकारी इमारत में कई मंत्रालयों के दफ्तर हैं।
यह लुटियन जोन में स्थित दूसरी सरकारी इमारत है जिसके एक हिस्से को सील किया गया है। पिछले महीने नीति आयोग की इमारत को सील किया गया था।
दो वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, विधि मंत्रालय का एक अधिकारी कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है। इस मंत्रालय का दफ्तर शास्त्री भवन के चौथे माले पर है।
उन्होंने बताया कि प्रोटोकॉल के मुताबिक, उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि शास्त्री भवन में चौथी मंजिल के 'ए' विंग को सील कर दिया गया है और उसे संक्रमण मुक्त किया जा रहा है। कई द्वार और लिफ्ट भी बुधवार तक बंद रहेंगी।
नीति आयोग से पहले राजीव गांधी भवन में कोरोना वायरस संक्रमण के दो मामले मिलने के बाद इमारत को संक्रमण मुक्त करने के लिए सील किया गया था। इस इमारत में नागर विमानन मंत्रालय का दफ्तर है।
इसी तरह के अन्य मामलों में, हाल में सीआरपीएफ का मुख्यालय और बीएसएफ के मुख्यालय का एक हिस्सा सील किया गया है। ये इमारतें राष्ट्रीय राजधानी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 11:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

