देश की खबरें | मुंबई में इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम वाली इमारत में लगी भीषण आग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई के उपनगरीय बांद्रा इलाके में इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम वाली एक इमारत में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई जिस पर काबू पाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 29 अप्रैल मुंबई के उपनगरीय बांद्रा इलाके में इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम वाली एक इमारत में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई जिस पर काबू पाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई खबर नहीं मिली है।
नगर निगम के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मुंबई अग्निशमन विभाग के अनुरोध के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के एक दल को तैनात किया गया। यह दल सुबह सात बजकर 50 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंच गया।’’
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रभावित इमारत के निकट स्थित भवन को एहतियातन खाली करा लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस आग को स्तर चार (भीषण) के रूप में वर्गीकृत किया गया है। यह आग बांद्रा (पश्चिम) में लिंकिंग रोड पर एक बहुमंजिला इमारत में तड़के करीब चार बजकर 10 मिनट पर लगी।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि आग शुरू में इमारत के भूतल तक ही सीमित थी लेकिन बाद में यह ऊपरी मंजिलों तक भी फैल गई और इमारत में धुआं भर गया।
इमारत में आग की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इमारत से निकलता घना काला धुआं दूर से दिखाई दे रहा था।
अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब छह बजकर 25 मिनट पर दमकल विभाग ने आग को स्तर-चार के रूप में वर्गीकृत किया। स्तर-चार की आग का अर्थ ऐसी भीषण आग से होता है जिसके लिए बड़े पैमाने पर अग्निशमन अभियान की आवश्यकता होती है।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई दमकल विभाग के प्रमुख रवींद्र अंबुलगेकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर हैं तथा आग बुझाने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने बताया कि दमकल की 12 गाड़ियां और अग्निशमन संबंधी अन्य वाहन मौके पर हैं।
अधिकारी ने बताया कि अन्य एजेंसियों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
महानगर में भीषण आग लगने की यह पिछले दो दिन में लगातार दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को बलार्ड एस्टेट इलाके में उस इमारत में भीषण आग लग गई थी जहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का कार्यालय है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2025 10:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

