देश की खबरें | अमेठी युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और उनके सहयोगियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न का मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. युवा कांग्रेस की अमेठी जिला इकाई के अध्यक्ष शुभम सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ एक दलित व्यक्ति से मारपीट और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

अमेठी (उप्र), 27 अगस्त युवा कांग्रेस की अमेठी जिला इकाई के अध्यक्ष शुभम सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ एक दलित व्यक्ति से मारपीट और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

इसके पहले सिंह ने भाजपा नेताओं के खिलाफ अपने ऊपर हमला करने का मामला दर्ज कराया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के गांव भुसियांवा निवासी जगदीश ने अमेठी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ अमेठी से अपने घर जा रहा था, तभी मुंशीगंज रोड पर अमेठी नगर में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह उनके साथी बृजेंद्र सिंह, लोहा सिंह और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके और उनकी पत्नी के साथ अभद्रता व मारपीट की।

तहरीर में जगदीश ने आरोप लगाया,‘‘ शुभम सिंह ने कहा कि तुम राशन लेकर मोदी को वोट दोगे और जब मैंने यह कहा कि मोदी देश के नायक हैं, हम सबको सहारा दे रहे हैं तो शुभम सिंह ने अपने साथियों के साथ मेरे और मेरी पत्नी के साथ अभद्रता शुरू कर दी और मारने पीटने लगे। मैं किसी तरीके से भाग कर अमेठी टाउन में घुसा और वहां लोगों के पहुंचने पर जान बची।’’

पुलिस ने बताया कि जगदीश की तहरीर पर अमेठी कोतवाली में धारा 323 (स्‍वेच्‍छा से चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग के इरादे से जानबूझकर किसी का अपमान), 506 (आपराधिक धमकी) तथा एससी-एसटी अधिनियम के तहत युव कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह सहित तीन नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ शनिवार की देर शाम मामला दर्ज किया गया है।

अमेठी के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अरुण द्विवेदी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ से वाराणसी जाते समय अमेठी के मुसाफिरखाना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेठी आने की खबर से स्मृति ईरानी और भाजपा के लोग डरे हुए हैं, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता और कार्यालय पदाधिकारियों को परेशान किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\