बरहामपुर (ओडिशा), 26 अप्रैल ओडिशा के गंजाम जिले में शिक्षा विभाग की एक महिला अधिकारी के साथ मंगलवार को एक स्कूल की शिक्षिका के पति ने कथित तौर पर मारपीट की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शिक्षिका को पिछले चार साल से वेतन नहीं मिला है और इसी बात को लेकर उसके पति ने शिक्षा विभाग की अधिकारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
अधिकारी द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया।
बेल्लागुन्था में बालिका उच्च विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शांतिलता साहू चार महीने से जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के कार्यालय परिसर में धरना दे रही हैं और मांग कर रही हैं कि उसका वेतन जारी किया जाए।
पुलिस ने बताया कि दंपति ने मंगलवार को डीईओ को उस समय रोका जब वह दोपहर के भोजन के लिए जा रही थी।
पुलिस ने कहा कि जब डीईओ शांतिलता साहू से बात कर रही थी, तो इसी दौरान उसके पति ने अधिकारी के चेहरे पर मारा।
जब दोनों को एक पुलिस वैन में ले जाया जा रहा था, तो साहू ने रोते हुए यह आरोप लगाया कि उसका वेतन मनमाने ढंग से रोका गया है और अधिकारी न तो उसे निलंबित कर रहे थे और न ही कोई नोटिस दे रहे थे।
डीईओ कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि साहू को ड्यूटी पर आने के लिए कहा गया था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
बरहामपुर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी विष्णु प्रसाद ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY