एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गोवा में घटते वन क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराने वाले वीडियो को लेकर मामला दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने अभिनेता गौरव बख्शी के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में यह दावा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है कि राज्य के वन क्षेत्र में कमी के लिए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत जिम्मेदार हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | गोवा में घटते वन क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराने वाले वीडियो को लेकर मामला दर्ज

पणजी, 10 जुलाई गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने अभिनेता गौरव बख्शी के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में यह दावा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है कि राज्य के वन क्षेत्र में कमी के लिए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत जिम्मेदार हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बख्शी ने अपने खिलाफ दर्ज मामले को “झूठा” और “बेबुनियाद” करार दिया।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, उप वन संरक्षक आदित्य मदनपात्रा की शिकायत पर बख्शी के खिलाफ दो जुलाई को मामला दर्ज किया गया था।

प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा ने बख्शी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(1) (इलेक्ट्रॉनिक माध्यम सहित अन्य माध्यमों से झूठी सूचना या अफवाहें गढ़ना और फैलाना) और 196 (1) (लिखित या मौखिक शब्दों या ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, बख्शी ने एक वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री सावंत और उनकी सरकार पर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के खिलाफ काम करके गोवा के वन क्षेत्र को नष्ट करने का आरोप लगाया। इसमें कहा गया है कि बख्शी ने जनता में भय पैदा करने के इरादे से यह वीडियो प्रसारित किया।

बख्शी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि वह छुट्टी मना रहे थे, जब उन्हें गोवा में वनों के “विनाश” के बारे में सोशल मीडिया पर बोलने के लिए उनके खिलाफ “झूठी और बेबुनियाद” प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बारे में पता चला।

अभिनेता ने कहा कि उन्हें पहले भी इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ा था, लेकिन अदालतों से उन्हें राहत मिली। उन्होंने कहा कि पुलिस ने चार जुलाई को उन्हें एक नोटिस भेजा, जिसमें उन्हें बिना यह बताए कि वे आरोपी हैं, जांच के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया था।

बख्शी ने अपराध शाखा पर प्राथमिकी की प्रति देने से इनकार करने का भी आरोप लगाया। अभिनेता ने कहा कि उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 10:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).